नई दिल्ली:- हिमाचल में लोकसभा चुनाव और विधानसभा उपचुनाव को लेकर कुछ दिन ही शेष बचे हैं. ऐसे मे प्रदेश में जोरों-शोरों से चुनावी प्रचार किया जा रहा है. कांग्रेस और भाजपा के राष्ट्रीय स्तर के नेता पहाड़ों की ओर रुख कर रहे हैं. जिसके चलते हिमाचल का सियासी पारा गर्मा गया है. आज अखिल भारतीय कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी ने हिमाचल में चुनाव प्रचार का जिम्मा संभाला हुआ है. प्रियंका सबसे पहले चंबा के चौगान मैदान में एक रैली को संबोधित करेंगी और कांग्रेस प्रत्याशी आनंद शर्मा के लिए वोट मांगेंगी. इसके बाद कांग्रेस महासचिव शाहपुर के चंबी के लिए रवाना होगीं और वहां पर एक जनसभा को संबोधित करेंगी. हिमाचल में 27 मई से लेकर 30 मई तक प्रियंका गांधी की रैलियां संबोधित हैं.
गौरतलब है कि इससे पहले 25 मई को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और 26 मई को राहुल गांधी ने हिमाचल में रैलियों को संबोधित किया था और कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान की अपील की थी. वहीं, भाजपा की ओर से 24 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और 25 मई को गृह मंत्री अमित शाह ने प्रदेश में दो-दो रैलियों को संबोधित किया था और भाजपा प्रत्याशियों के लिए वोट की अपील की थी.
