नई दिल्ली :- लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण में झारखंड की तीन लोकसभा सीटों दुमका, गोड्डा और राजमहल पर मतदान हो रहा है।
अंतिम चरण में 6258 मतदान केंद्रों पर होने वाले मतदान में कुल 53,23,886 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। दोपहर एक बजे तक की बात करें तो झारखंड में करीब 46 प्रतिशत मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके हैं।
लोकसभा के चुनावी महासमर के अंतिम चरण की वोटिंग खत्म होने के बाद एग्जिट पोल के नतीजे सामने आने लगेंगे।
बता दें कि झारखंड में लोकसभा की कुल 14 सीटें हैं। 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को जहां 11 सीटें और आजसू को 1 सीट मिली थी, वहीं झामुमो और कांग्रेस को एक-एक सीट पर ही सफलता मिल पाई थी।
लोकसभा चुनावी महासमर में NDA और I.N.D.I.A दोनों गठबंधन के लिए झारखंड बेहद महत्वपूर्ण हैं। इसका अंदाजा नेताओं द्वारा की गई रैलियों से लगाया जा सकता है।
मतदान के बाद अब सभी नेताओं की नजर चुनाव परिणाम से पहले आने वाले एग्जिट पोल पर टिकी है, जो काफी हद तक तस्वीरों को साफ कर सकती है।
