उत्तर प्रदेश:– कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी आज हाथरस पहुंच रहे हैं। वह दिल्ली से शुक्रवार सुबह ही हाथरस में हुए भगदड़ में मृतकों के परिजन से मुलाकात करेंगे। सबसे पहले वह अलीगढ़ पहुंचे और हादसे में मरे लोगों के घर पहुंचकर सांत्वना दिया। गौरतलब है कि 2 जुलाई को हुई भगदड़ में 121 लोगों की जान चली गई थी।
राहुल गांधी शुक्रवार की सुबह ही दिल्ली स्थित आवास से हाथरस के लिए रवाना हो गए। वह नारायण साकार हरि उर्फ भोले बाबा के प्रवचन में मचे भगदड़ के दौरान सैकड़ों लोगों की कुचलकर हुई मौत के बाद पीड़ित परिजन से मिलने पहुंचे हैं। सबसे पहले राहुल अलीगढ़ के पिलखना गांव पहुंचे और उस परिवार के लोगों से मिले, जो इस हादसे में नहीं रहे।
हाथरस हादसे को लेकर जानकारी देते हुए आईजी शलभ माथुर ने कहा कि मुख्य आरोपी देव प्रकाश मधुकर पर एक लाख का इनाम रखा गया है। पुलिस जल्द ही कोर्ट से उसके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी करवाएगी। आईजी ने कहा कि अगर जरूरत पड़ी तो भोले बाबा से पूछताछ की जाएगी। यूपी पुलिस ने कार्यक्रम की आयोजन समिति से जुड़े 6 लोगों को गिरफ्तार किया है।
