नई दिल्ली:– अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट शादी के बंधन में बंध चुके हैं. शादी में देश-विदेश से आए मेहमान शामिल हुए हैं. कपल को बधाई देने का सिलसिला जारी है. अनंत अंबानी ने अपनी शादी में खूब सुर्खियां बटोरी हैं. शादी में भारतीय परंपरा को खूबसूरती से दिखाया गया है. अनंत अंबानी ने अपने खास दिन में शामिल टीम को कीमती घड़ी गिफ्ट की हैं.
अनंत अंबानी ने शाहरुख खान, रणवीर सिंह, मीजान जाफरी सहित अपने साथियों को यह रॉयल वॉच दी है. ये ऑडेमर्स पिगुएट की शानदार घड़ियां हैं, जिनकी कीमत 2 करोड़ से अधिक की है. अनंत द्वारा उपहार में दी गई घड़ी में 41 मिमी 18K गुलाबी सोने का केस, नीलम क्रिस्टल बैक और स्क्रू-लॉक क्राउन है. इसमें गुलाबी सोने का टोन वाला डायल ग्रांडे टैपिसरी पैटर्न, नीले काउंटर और सोने की नीडल इसको रॉयल बना रही हैं.
वॉटरप्रूफ है यह स्पेशल वॉच
इसमें मैन्यूफैक्चर कैलिबर 5134 सेल्फ-वाइंडिंग मूवमेंट है जिसमें सप्ताह, दिन, तारीख, खगोलीय चंद्रमा, महीना, लीप वर्ष, घंटे और मिनट शो होता है. 40 घंटे के पावर रिजर्व के साथ, घड़ी में 18K गुलाबी सोने का ब्रेसलेट, AP फोल्डिंग बकल और एक नीला एलीगेटर स्ट्रैप लगा हुआ है, जो वॉटरप्रूफ है.
14 जुलाई को ग्रैंड रिसेप्शन
12 जुलाई को मुंबई के BKC में स्थित जियो वर्ल्ड सेंटर में अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट की शादी हुई. 13 जुलाई को शुभ आशीर्वाद समारोह का दिन था. बता दें कि आज 14 जुलाई को ग्रैंड रिसेप्शन होना है. आज के इस खास दिन पर राधिका और अनंत के लुक का बेसब्री से इंतजार हो रहा है.
