नई दिल्ली:– हरियाणा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी ने कमर कस ली है। शनिवार को दिल्ली की सीएम अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने राज्य में चुनाव के लिए पांच गारंटियों की घोषणा भी कर कर दी है। इन गारंटियों में मुफ्त बिजली को सबसे ऊपर रखा रखा गया है। इसके साथ ही और कौन सी घोषणा की गई है और चुनाव में इसका क्या असर होगा जानते हैं।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने शनिवार को चुनावी राज्य हरियाणा के लिए ‘केजरीवाल की पांच गारंटी’ की घोषणा की। इन गारंटी के तहत मुफ्त बिजली, मुफ्त चिकित्सा उपचार, मुफ्त शिक्षा, राज्य की प्रत्येक महिला को 1,000 रुपये प्रति माह देना और युवाओं के लिए रोजगार मुहैया कराने को शामिल किया गया है।
इस दौरान सुनीता केजरीवाल ने अरविंद केजरीवाल को ‘हरियाणा का लाल’ करार देते हुए उन्होंने लोगों से कहा कि एक भी सीट भारतीय जनता पार्टी को नहीं मिलनी चाहिए। सुनीता ने कहा कि यह केजरीवाल के बारे में नहीं है, बल्कि यह हरियाणा के सम्मान के बारे में है।
बिजली, शिक्षा, चिकित्सा होगी मुफ्त
केजरीवाल की ‘गारंटी’ के बारे में उन्होंने कहा कि अगर उनकी पार्टी सत्ता में आई तो घरेलू श्रेणी के लिए मुफ्त बिजली होगी और राज्य में चौबीस घंटे बिजली उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली और पंजाब की तरह हरियाणा में भी ‘मोहल्ला क्लीनिक’ होगी। सुनीता ने कहा कि सरकारी स्कूलों की स्थिति में भी सुधार किया जाएगा जहां अच्छी और मुफ्त शिक्षा प्रदान की जाएगी।
हर महिला को मिलेंगे 1 हजार
उन्होंने कहा, ‘‘प्रत्येक महिला को प्रति माह 1,000 रुपये मिलेंगे।” उन्होंने कहा कि इसे जल्द ही दिल्ली और पंजाब में लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी हर बेरोजगार युवा को रोजगार देगी। ‘आप’ ने मुफ्त दवा और चिकित्सकीय जांच का वादा करते हुए कहा कि इससे लोगों को महंगाई से राहत मिलेगी। इसमें ‘शिक्षा माफिया’ को खत्म करने का भी वादा किया गया है।
सुनीता ने खेला इमोशनल कार्ड
सुनीता ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने केजरीवाल को जेल नहीं भेजा, बल्कि ‘हरियाणा के लाल’ को जेल में डाला है। उन्होंने कहा, ‘‘मैं हरियाणा की बहू हूं। मैं पूछना चाहती हूं कि क्या आप यह अपमान सहन करेंगे? क्या आप चुपचाप बैठेंगे? आपका केजरीवाल शेर है। वह मोदी के सामने नहीं झुकेंगे।” उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी गुजरात से हैं और जब वह वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री बने तो पूरे गुजरात ने उनका समर्थन किया।
हरियाणा में सबसे तेज ‘आप’
फिलहाल सुनीता केजरीवाल ने हरियाणा में भाजपा से पहले ‘आप’ पांच गारंटियों की घोषणा कर दी है। आधिकारिक तौर पर न तो अभी चुनाव का ऐलान हुआ है न ही और किसी पार्टी ने घोषणापत्र की ऐलान किया है। लेकिन आम आदमी पार्टी सबसे तेज नज़र आ रही है। अब देखना दिलचस्प होगा कि चुनाव में बीजेपी केजरीवाल की गारंटियों को टैकल करने के लिए बीजेपी या अन्य पार्टियां कौन सी गांरटियां लाती है।
