नई दिल्ली:– शनिवार 27 जुलाई की रात कोचिंग के बेसमेंट में अचानक पानी भर जाने के बाद तीन छात्रों की मौत हो गई। अमूमन किसी बड़े हादसे के बाद कुंभकर्णी नींद से जागने वाला प्रशासन यहां भी एक्शन मोड में आ गया। ताबड़तोड़ उसने कोचिंग सेंटर्स का सर्वे कर नोटिस चस्पा कर दिया। इस कार्रवाई की जद में विकास दिव्यकीर्ति का दृष्टि आईएस भी आ गया। जिसके बाद कोचिंग सेंटर के बाहर और सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ प्रदर्शन होने लगे। जिसे लेकर अब विकास दिव्यकीर्ति का पहला रिएक्शन सामने आया है।
27 जुलाई को दिल्ली के राजेन्द्र नगर में हुए हादसे ने जहां एक तरफ कोचिंग बाजार के कड़वे सच को उजागर किया वहीं दूसरी तरफ जिम्मेदार संस्थाओं और अधिकारियों की भी कलई खोल दी। घटना के बाद जागे प्रशासन ने कोचिंग सेंटर्स का सर्वे किया गया। जिसमें विकास दिव्यकीर्ति का कोचिंग संस्थान दृष्टि आईएएस की क्लासेस भी बेसमेंट में चलती हुई पाई गई।
एमसीडी ने नोटिस चस्पा कर दिया। जिसके बाद विकास दिव्यकीर्ति को सोशल मीडिया पर ट्रोल किया जाने लगा। वहीं छात्रों ने कोचिंग के बाहर भी प्रदर्शन किया। सोशल मीडिया पर अवध ओझा और खान सर को भी निशाने पर लिया गया। इसे लेकर अब विकास दिव्यकीर्ति का रिएक्शन सामने आया है। जिसे दृष्टि आईएएस के एक्स हैंडल से पोस्ट किया गया है।
विकास दिव्यकीर्ति ने एक विज्ञप्ति जारी करते हुए छात्रों के गुस्से को जायज बताया है। उन्होंने एक तरफ तो एमसीडी की कार्रवाई को स्वागत योग्य बताया है, लेकिन दूसरी तरफ यह भी कहा है कि एमसीडी, डीडीए, डीडीए और दिल्ली फायर डिपार्टमेंट के नियमों में असंगति है। इसी तरह, ‘दिल्ली मास्टरप्लान-2021’, ‘नैश्नल बिल्डिंग कोड’, ‘दिल्ली फायर रूल्स’ और ‘यूनिफाइड बिल्डिंग बाई-लॉज़’ के प्रावधानों में भी काफी अंतर्विरोध है। उन्होंने कहा समस्या जितनी सरल दिखती है उतनी हैं नहीं।
विकास दिव्यकीर्ति ने हादसे में मारे गए छात्रों को श्रृद्धांजलि देते हुए उनके परिवार के प्रति शोक संवेदनाएं भी व्यक्त की हैं। साथ ही उन्होंने कहा है कि दुख की इस घड़ी में हम पूरी तरह उनके साथ हैं। यदि हम किसी भी तरह उनके लिये कुछ कर सकेंगे तो कृतज्ञता महसूस करेंगे।
