नई दिल्ली:– भारत के अमन सहरावत ने कुश्ती में ब्रॉन्ज मेडल जीत लिया है. उन्होंने पुरुषों की 57 किलोग्राम भारवर्ग स्पर्धा में प्यूर्टो रीको के पहलवान को 13-5 के बड़े अंतर से हराकर भारत का परचम लहराया है. यह पेरिस ओलंपिक्स में भारत का कुल छठा मेडल है. भारतीय एथलीट अब तक एक सिल्वर और 5 ब्रॉन्ज समेत कुल 6 मेडल जीत चुके हैं
बता दें कि भारत साल 2008 बीजिंग ओलंपिक्स से ही कुश्ती में हर बार ओलंपिक मेडल जीतता आ रहा है. 2008 में सुशील कुमार ने ब्रॉन्ज मेडल जीतकर इतिहास रचा था. सुशील ने उसके बाद 2012 में अपने मेडल का रंग बदल कर सिल्वर जीता था और उसी साल योगेश्वर दत्त ने ब्रॉन्ज मेडल पर कब्जा जमाया था. जब 2016 रियो ओलंपिक्स की बारी आई तो साक्षी मलिक ने ब्रॉन्ज मेडल जीतकर परचम लहराया और साथ ही वो ओलंपिक खेलों में मेडल जीतने वाली पहली भारतीय महिला पहलवान बनी थीं. 2020 में रवि दहिया और बजरंग पूनिया तो अब अमन सहरावत ने यह विरासत कयम राखी है
ब्रॉन्ज मेडल मैच में शुरुआती बढ़त प्यूर्टो रीको के पहलवान ने बनाई थी, लेकिन परिस्थितियों को भांपते हुए अमन सहरावत ने जोरदार वापसी की. भारतीय पहलवान पहला राउंड समाप्त होने तक 4-3 से आगे चल रहे थे. अमन ने दूसरे राउंड में एकतरफा खेल दिखाया और अपने प्रतिद्वंदी को घुटनों पर लाने में सफल रहे. अंत में 21 वर्षीय अमन सहरावत ने 13-5 के अंतर से मैच जीता
