नई दिल्ली:– सर्दियों के दौरान प्रदूषण से जंग में सरकारी विभाग ही नहीं, राष्ट्रीय राजधानी का हर नागरिक भी पर्यावरण प्रहरी की भूमिका निभाएगा। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग संशोधित ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान के साथ साथ सिटीजन चार्टर भी जारी किया है।
इसमें ग्रेप के चारों चरणों में एक आम नागरिक की क्या जिम्मेदारी होगी, यह विस्तार से बताया गया है। एयर क्वालिटी इंडेक्स का स्तर देखते हुए ग्रेप का जब जो चरण लागू होगा, उसी चरण का चार्टर क्रियान्वित हो जाएगा। हालांकि सीएक्यूएम ने इस चार्टर का क्रियान्वयन स्वैच्छिक ही रखा है, इसके प्रविधानों पर अमल न किए पर कोई कार्रवाई नहीं होगी।
यह है सिटिजन चार्टर
ग्रेप का पहला चरण श्रेणी ”खराब”, एक्यूआई 201 से 300
अपनी गाड़ियों के इंजन की ठीक से ट्यूनिंग करवाएं
गाड़ियों के टायर में हवा पूरी रखें
गाड़ियों का पीयूसी अप-टू-डेट रखें
रेड लाइट पर अपनी गाड़ियों के इंजन को बंद कर दें
हाइब्रिड या इलेक्ट्रिक गाड़ियों को वरियता दें
वायु प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधियों को 311 एप, ग्रीन दिल्ली एप और समीर एप पर रिपोर्ट करें
पेड़ लगाएं
त्योहार इको फ्रेंडली तरीके से मनाएं, पटाखे न जलाएं
जिन गाड़ियों की समय सीमा पूरी हो गई है उन्हें नहीं चलाएं
ग्रेप का दूसरा चरण श्रेणी ”बहुत खराब”, एक्यूआई 301 से 400
सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करें, निजी गाड़ियों का उपयोग कम से कम करें
टेक्नोलाजी का इस्तेमाल करें और कम से कम जाम वाले रूट को अपने गंतव्य पर पहुंचने के लिए चुनें
धूल वाले निर्माण कार्य अक्टूबर से जनवरी तक करवाने से बचें
कूड़े और बायोमास को न जलाएं
ग्रेप का तीसरा चरण श्रेणी ”गंभीर”, एक्यूआई 401 से 450
कम दूरी पर जाने के लिए साइकिल से या पैदल जाएं
स्वच्छ ईंधन वाली गाड़ियों का इस्तेमाल करें, अपनी राइड शेयर करें या सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करें
जो लोग वर्क फ्राम होम करने की स्थिति में हैं, वह ऐसा करें
गर्माहट पाने के लिए कोयले या लकड़ी का इस्तेमाल न करें
आम लोग और आरडब्ल्यूए अपने सुरक्षा गार्ड और अन्य स्टाफ को इलेक्ट्रिक हीटर दें ताकि वह कूड़ा या लकड़ी ना जलाएं
ग्रेप का चौथा चरण श्रेणी ”आपातकालीन”, एक्यूआई 450 से अधिक
बच्चे, बुजुर्ग और दिल, फेफडों या गंभीर बीमारी से जूझ रहे लोग घरों के अंदर रहें और आउटडोर एक्सरसाइज नहीं करें।
