नई दिल्ली:- ऐसा माना जाता है कि घर में वास्तु शास्त्र के नियमों का ध्यान रखा जाता है, तो इससे घर-परिवार में सुख-शांति का माहौल बना रहता है। ऐसे में यदि आप वास्तु शास्त्र के अनुसार, अपने घर की छत पर इन चीजों को रखते हैं, तो इससे आपको सकारात्मक परिणाम मिलने लगते हैं। तो चलिए जानते हैं कि वास्तु के मुताबिक, घर की छत पर क्या चीजें लगाई जा सकती हैं।
बनी रहेगी शिव जी की कृपा
वास्तु शास्त्र की मान्यताओं के अनुसार, घर की छत पर त्रिशूल लगाने से व्यक्ति को काफी लाभ मिल सकते हैं। इससे घर में नकारात्मक ऊर्जा का प्रवेश नहीं होता। साथ ही ऐसा करने से भगवान शिव की कृपा भी परिवार पर बनी रहती है। जिससे घर में सुख-शांति का माहौल बना रहती है।
वास्तु के अनुसार लगाएं पौधे
आप अपने घर की छत पर वास्तु के अनुसार, पौधे लगा सकते हैं। जिसके अनुसार, उत्तर-पूर्व या फिर पूर्व दिशा में छोटे पौधे, जैसे तुलसी, गेंदा आदि लगाए जा सकते हैं। वहीं बड़े पौधों को छत की दक्षिण या फिर पश्चिम दिशा में लगाना शुभ होता है। पश्चिम दिशा में सफेद रंग के फूलों के पौधे जैसे कि चांदनी, चमेली और मोगरा आदि लगाया जा सकता है। वहीं वास्तु में उत्तर दिशा में नीले रंग के फूल या पौधे लगाना शुभ माना जाता है।
इन बातों का रखें ध्यान
कई लोग घर की छत पर कबाड़-आदि इकट्ठा कर देते हैं, लेकिन वास्तु की दृष्टि से ऐसा करना बिल्कुल भी शुभ नहीं माना गया। ऐसा करने से परिवार के लोगों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है। सुख-समृद्धि के लिए छत की साफ-सफाई का ध्यान भी जरूर रखना चाहिए। घर की छत पर पौधे लगाते समय इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि मुरझाए पेड़-पौधे न रखें। इसी के साथ कांटेदार या बोनसाई के पौधे भी छत पर न लगाएं।
