रायपुर :- रायपुर दक्षिण उप निर्वाचन-2024 को लेकर अब तक तीन उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं. निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में 21 अक्टूबर को शबिस्ता खान, सुषमा अग्रवाल, महेंद्र कुमार बाघ ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया है.
कब है नामांकन की आखिरी तारीख : उम्मीदवार 25 अक्टूबर 2024 तक अपना नामांकन दाखिल कर सकते हैं. सरकारी छुट्टी को छोड़कर सभी कार्यालयीन दिवसों में सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक नामांकन दाखिल किया जा सकता है. नामांकन पत्रों की संवीक्षा 28 अक्टूबर को होगी. उम्मीदवार 30 अक्टूबर तक अपना नामाकंन वापस ले सकेंगे.
किनके बीच होगी सीधी टक्कर : आपको बता दें कि रायपुर दक्षिण विधानसभा में कांग्रेस और बीजेपी के बीच सीधी टक्कर होती आ रही है.इन दो पार्टियों के अलावा आज तक कोई भी तीसरा दल अपनी उपस्थिति दर्ज कराने में नाकाम रहा है.एक बार फिर कांग्रेस और बीजेपी में ही सीधी टक्कर होने की संभावना है.लेकिन इस बार बीजेपी की ओर से इस सीट के चर्चित उम्मीदवार बृजमोहन अग्रवाल नहीं है.इसलिए मुकाबला रोचक होने की उम्मीद है.इस बार बीजेपी ने इस सीट पर पूर्व सांसद सुनील सोनी को टिकट दिया है.वहीं कांग्रेस की ओर से प्रत्याशी का नाम तय नहीं है.लेकिन कांग्रेस की ओर से पूर्व महापौर प्रमोद दुबे और युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष आकाश शर्मा के नाम पर सहमति बन सकती है.
