नई दिल्ली:- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में गुरुवार को केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में कुछ महत्वपूर्ण फैसले लिए गए. कैबिनेट ने आंध्र प्रदेश की राजधानी अमरावती और उत्तर बिहार के लिए रेल प्रोजेक्ट्स को मंजूरी दी है.
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कैबिनेट के फैसलों की जानकारी देते हुए कहा, “आज अमरावती के लिए रेलवे लाइन को मंजूरी दी गई है. इसके लिए कृष्णा नदी पर 3.2 किलोमीटर लंबा नया रेलवे पुल बनाया जाएगा. यह अमरावती को हैदराबाद, चेन्नई, कोलकाता और नागपुर से जोड़ेगा.”
रेल मंत्री वैष्णव ने बताया कि उत्तर बिहार के लिए रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर और पूर्वोत्तर राज्यों को रणनीतिक कनेक्टिविटी प्रदान करने के लिए नरकटियागंज-रक्सौल-सीतामढ़ी-दरभंगा और सीतामढ़ी-मुजफ्फरपुर रेलवे लाइन के दोहरीकरण की एक बड़ी परियोजना को मंजूरी दी गई है. इस परियोजना की संभावित लागत 4,553 करोड़ रुपये है. उन्होंने कहा कि 256 किलोमीटर रेलवे लाइन के दोहरीकरण से उत्तर प्रदेश और उत्तर बिहार को फायदा होगा.