रायपुर:- अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान के दूसरे दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पहुंची हैं. राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल भी उनके साथ मौजूद हैं.
रायपुर एम्स का दीक्षांत समारोह: राष्ट्रपति के मुख्य आतिथ्य में रायपुर एम्स का दूसरा दीक्षांत समारोह संपन्न हो रहा है. दीक्षांत समारोह में 514 छात्रों को डिग्री मिलेगी. राष्ट्रपति के हाथों एम्स के 10 छात्रों को गोल्ड मेडल दिया जाएगा.
NIT के दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति: इसके बाद राष्ट्रपति राजभवन के लिए रवाना होंगी. दोपहर 2 बजकर 45 मिनट पर राष्ट्रपति मुर्मू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान रायपुर के 14वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी. शाम साढ़े 4 बजे तक राष्ट्रपति दीक्षांत समारोह में छात्रों को डिग्री देंगी.
छत्तीसगढ़ की महिलाओं के खाते में महतारी वंदन योजना की राशि: शाम 5 बजे राष्ट्रपति नवा रायपुर में ‘पुरखौती मुक्तांगन’ जाएंगी. जहां वो स्थानीय आदिवासियों के साथ बातचीत करेंगी. राष्ट्रपति यहीं से छत्तीसगढ़ की 70 लाख महिलाओं के खाते में महतारी वंदन योजना की 9 किश्त ट्रांसफर करेंगी. इस अवसर पर महतारी वंदन योजना की दो हितग्राही महिलाएं राष्ट्रपति के सामने अपने अनुभव भी साझा करेंगी.
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का शनिवार का कार्यक्रम: शनिवार की सुबह राष्ट्रपति मुर्मू रायपुर गायत्री नगर में जगन्नाथ मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगी.फिर कार्यक्रमों के लिए भिलाई आईआईटी के लिए रवाना होंगी. राष्ट्रपति भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान यानी आईआईटी भिलाई के चौथे दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि होंगी. इसके बाद मुर्मू राजधानी रायपुर वापस लौटेंगी.फिर नवा रायपुर में पंडित दीनदयाल मेमोरियल स्वास्थ्य विज्ञान और आयुष विश्वविद्यालय के तीसरे दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में हिस्सा लेंगी.