नई दिल्ली:– सोशल मीडिया पर छाए रहने वाले संत प्रेमानंद जी महाराज के पास दूर-दूर से लोग अपनी समस्या को लेकर आते हैं. उनकी ख्याति भारत तक सीमित नहीं हैं, विदेशों से भी लोग उनके दर्शन करने आते हैं. प्रेमानंद जी अपने सत्संग और प्रवचन के माध्यम से लोगों को सन्मार्ग पर चलने की बात कहते हैं. सत्संग में श्रद्धालुओं की तरफ से आध्यात्म और जीवन से जुड़े कई प्रश्न पूछते हैं. जिनका प्रेमानंद जी बड़ी ही सरलता से जवाब देते हैं. ऐसे में उन्होंने घर में बढ़ रहे क्लेशों के दूर करने के सुझाव बताए हैं. जिनको अगर अपना लिया जाए तो घर में कभी भी विवाद नहीं होगा.
परिवार के साथ बिताएं समय
प्रेमानंद जी महाराज कहते हैं कि घर में हो रहे क्लेश, लड़ाई-झगड़ों को परिवार के साथ बैठकर सुलझाया जा सकता है. अगर हम परिवार के सभी सदस्यों के साथ बैठते हैं तो रिश्ते मजबूत होते हैं. साथ ही उन्होंने यह भी कहा है कि घर के सभी सदस्यों का सम्मान करना चाहिए, जिससे एक-दूसरे के प्रति प्रेम बढ़ेगा.
दूसरों की सफलता में खुश रहें
प्रेमानंद जी महाराज ने कहा है कि जब घर में एक-दूसरे की खुशी से ईर्ष्या और जलन रखने वाले लोग होते हैं तो घर में लड़ाइयां होने लगती है. ऐसे में हमें दूसरे की उपलब्धियों से ईर्ष्या की बजाय खुश होना चाहिए.
किसी के प्रति न रखें नकारात्मक भाव
प्रेमानंद जी महाराज के मुताबिक घर के किसी भी सदस्य के प्रति नकारात्मक भाव नहीं रखना चाहिए. जब घर में लड़ाई हो तो खुद को शांत रखना चाहिए. साथ ही अन्य इंसान को भी शांत करने का प्रयास करें.
माफ करना सीखें
प्रेमानंद जी महाराज ने एक बहुत ही अच्छा सुझाव दिया है. उन्होंने कहा है कि व्यक्ति को दूसरों की गलतियों को माफ कर देना चाहिए. माफ करने से कोई व्यक्ति छोटा नहीं होता है. माफ करने से इंसान का मन शांत हो जाता है.
