नई दिल्ली:- आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की सुरक्षा हटा दी गई, जिसको लेकर राजनीति शुरू हो गई है। दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल ने इस मामले को लेकर निंदा की है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और दिल्ली पुलिस अरविंद केजरीवाल को मारने के लिए जुगलबंदी कर रहे हैं। हर बार अरविंद केजरीवाल पर हमला करने वाले भाजपा कार्यकर्ता ही होते हैं, जिन्हें दिल्ली पुलिस रोकने की कोशिश नहीं करती।
अमित शाह पर उठाया सवाल
सीएम आतिशी ने कहा कि ‘अमित शाह के इशारों पर अरविंद केजरीवाल की पंजाब पुलिस सुरक्षा हटवा ली गई और उसी दिन उन पर हरि नगर में भाजपा के गुंडों ने हमला किया। मोदी-शाह केजरीवाल की जान से खिलवाड़ कर रहे हैं। चुनाव आयोग पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग कब तक अपनी आंखों पर पट्टी बांधकर देखता रहेगा। बार बार एक राष्ट्रीय नेता पर हो रहे हमले पर चुनाव आयोग चुप क्यों है?
वहीं इस मामले को लेकर अरविंद केजरीवाल ने इसे राजनीति बताया। उन्होंने कहा कि मेरी सुरक्षा हटाना पूरी तरह से राजनीतिक है। मुझे लगता है कि किसी की सुरक्षा पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। इसके बाद सीएम आतिशी और सीएम भगवंत मान ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए केजरीवाल की सुरक्षा को हटाना गलत बताया। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल की सुरक्षा से पंजाब पुलिस के जवानों को हटाना निंदनीय है।
भाजपा कार्यकर्ता केजरीवाल पर करते हैं हमला- आतिशी
सीएम आतिशी ने कहा ‘दिल्ली में बड़ी साजिश रची जा रही है। इस साजिश में दो खिलाड़ हैं, पहले भाजपा कार्यकर्ता जो केजरीवाल को पत्थर मारकर उनपर हमला करते हैं और दूसरी अमित शाह के अंदर आने वाली दिल्ली पुलिस। भाजपा और दिल्ली पुलिस मिलकर अरविंद केजरीवाल की जान लेने की कोशिश कर रही है। भाजपा और अमित शाह का मकसद है कि किसी तरह से केजरीवाल को खत्म किया जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और दिल्ली पुलिस अरविंद केजरीवाल को मारने के लिए जुगलबंदी कर रहे हैं। जब भी केजरीवाल पर हमले हुए तो उनके पीछे भाजपा कार्यकर्ता ही निकले और दिल्लीपुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश तक नहीं की।
दिल्ली पुलिस पर मुझे भरोसा नहीं- भगवंत मान
वहीं पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि केजरीवाल के खिलाफ हमले का अलर्ट है और उन्हें दिल्ली पुलिस पर भरोसा नहीं है। उन्होंने चुनाव आयोग को चिट्ठी लिखकर अरविंद केजरीवाल के लिए फिर से पंजाब पुलिस की सुरक्षा की मांग की है क्योंकि अरविंद केजरीवाल पर आए दिन हमले होते रहते हैं।
क्या बोले पंजाब डीजीपी गौरव यादव
बता दें कि पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने बीती शाम अरविंद केजरीवाल की सुरक्षा से पंजाब पुलिस के जवानों को हटा लिया है। इसके बाद उन्होंने बताया कि ‘समय समय पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को जान से मारने की धमकियों की रिपोर्ट मिलती है, जिसे हम संबंधित एजेंसियों के साथ साझा करते हैं। हालांकि दिल्ली पुलिस और निव्वाचन आयोग की तरफ से दिए गए निर्देशों का पालन करते हुए आज अरविंद केजरीवाल की सुरक्षा से पंजाब पुलिस के जवानों को हटा लिया गया है। साथ ही हमने उन्हें अपनी चिंताएं बता दी हैं। हम दिल्ली पुलिस के संपर्क में बने रहेंगे और सात ही सभी सूचनाएं भी उनके साथ साझा करेंगे।
