नई दिल्ली:– पाकिस्तान क्रिकेट टीम को वेस्टइंडीज के हाथों दूसरे टेस्ट मैच में हार का सामना करना पड़ा है। इस मैच में पाकिस्तान को 120 रनों से शिकस्त मिली। इसी के साथ दो मैचों की टेस्ट सीरीज 1-1 से ड्रॉ हो गई। मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में जब पाकिस्तानी कप्तान से एक पत्रकार ने सवाल पूछा तो वह उखड़ गए।
पाकिस्तान ने पहला मैच अपने नाम किया था। अगर वह दूसरा मैच भी जीत लेती तो सीरीज अपने नाम कर ले जाती, लेकिन वेस्टइंडीज ने अपने स्पिनरों के दम पर उसे बैकफुट पर धकेल दिया और मैच अपने नाम कर सीरीज बराबर कर ली।
मैच के बाद जब मसूद प्रेस कॉन्फ्रेंस में आए तो एक पत्रकार ने उनसे सवाल किया कि टीम ने अच्छा प्रदर्शन नहीं किया है और ऐसे में क्या आप खुद कप्तानी छोडेंगे या बोर्ड आपको हटा दे। इस सवाल पर पहले तो मसूद ने कुछ नहीं कहा और अगला सवाल करने को कहने लगे। लेकिन फिर पत्रकार ने कुछ कहा तो मसूद से रहा नहीं गया।
उन्होंने कहा, “आपके अपने विचार हो सकते हैं और मैं इसका सम्मान करता हूं, लेकिन आपके सवाल में सम्मान नहीं है। आप खिलाड़ियों का अनादर नहीं कर सकते, न ही मेरा और न ही दूसरों का। हम सभी पाकिस्तान के लिए खेलते हैं और परिणाम हासिल करन की कोशिश करते हैं, लेकिन कोई भी इस तरह का अनादर बर्दाश्त नहीं करेगा। अगर आप किसी की आलोचना करना चाहते हैं तो ठीक है, लेकिन ये बात ध्यान रखिए कि हम सभी पाकिस्तान के लिए खेलते हैं।”
मसूद ने कहा कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड टीम के संबंध में फैसले लेता है जिसका पालन उन्होंने हमेशा से किया है। उन्होंने कहा, “आपको ये बात समझने की जरूरत है कि हम कुछ अलग करने की कोशिश कर रहे हैं। हर कोई जानकारी गूगल कर सकता है, लेकिन हम एक गोल की तरफ आगे बढ़ रहे हैं। हमने अपने घर में पिछले चार टेस्ट मैचों में से तीन टेस्ट जीते हैं।”
