कोंडागांव :- छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव से ठीक पहले कोंडागांव कांग्रेस में उठल पुथल मच गया है. कोंडागांव के वार्ड क्रमांक 2 सुभाषचंद्र बोस वार्ड से कांग्रेस प्रत्याशी पूर्णिमा पोयाम ने कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया है.
कांग्रेस प्रत्याशी ने भाजपा किया ज्वाइन : पूर्णिमा पोयाम का कहना है कि वह भाजपा की विचारधारा से काफी प्रभावित है. इसलिए बीजेपी ज्वाइन कर लिया है. पूर्णिमा ने कांग्रेस में असहयोग व उपेक्षा का आरोप लगाया है. अब वे भाजपा प्रत्याशी लक्ष्मी ध्रुव के समर्थन में प्रचार करेंगी और मतदाताओं से भाजपा के पक्ष में मतदान की अपील करेंगी.
मोहन मरकाम का बड़ा आरोप : कोंडागांव नगर निकाय चुनाव के बीच बड़ा विवाद खड़ा हो गया है. पूर्व कांग्रेस विधायक और पूर्व पीसीसी अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि BJP ने कांग्रेस प्रत्याशी पूर्णिमा का अपहरण किया है. मोहन मरकाम ने दावा किया कि “कोंडागांव में भाजपा की हार निश्चित है, इसलिए बौखलाहट में ऐसी हरकतें की जा रही हैं.”
भाजपा ने हमारी प्रत्याशी पूर्णिमा को जबरदस्ती उनके बच्चे के साथ उठा लिया और दबाव डालकर भाजपा में शामिल कराया है. अगर पूर्णिमा पोयाम को भाजपा में ही जाना था तो वे नामांकन से पहले चली जातीं, लेकिन मतदान से ठीक पहले यह घटना कांग्रेस को कमजोर करने की साजिश है : मोहन मरकाम, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता
कांग्रेस की स्थिति कमजोर : इस मामले में भाजपा की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है. वहीं, पूर्णिमा के इस कदम से वार्ड में चुनावी समीकरण बदल गई है. यहां कांग्रेस की स्थिति कमजोर होती नजर आ रही है.