नई दिल्ली:- संसद के बजट सत्र के सातवें दिन सोमवार को राज्यसभा में कांग्रेस सांसद सोनिया गांधी ने सरकार पर निशाना साधा। कांग्रेस नेता ने कहा कि देश में अभी भी 14 करोड़ लोग खाद्य सुरक्षा कानून के दायरे से बाहर हैं। यह एक गंभीर समस्या है। इसे तुरंत हल करने की जरूरत है। सोनिया गांधी ने सरकार से मांग की कि जल्द से जल्द जनगणना करवाई जाए जिससे वास्तविक जरूरतमंदों को इस योजना का लाभ मिल सके।
जनगणना के आधार पर बढ़े NFSA लाभार्थियों की संख्या
सोनिया गांधी ने यह भी याद दिलाया कि 2013 में यूपीए सरकार ने राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (NFSA) लागू किया था। इस कानून के तहत ग्रामीण क्षेत्र की 75% और शहरी क्षेत्र की 50% आबादी को सब्सिडी वाले अनाज का अधिकार मिला। लेकिन मौजूदा समय में, इसका कोटा 2011 की जनगणना के आधार पर तय किया जा रहा है, जो अब पुराना हो चुका है। उन्होंने कहा कि सरकार को नई जनगणना के आधार पर लाभार्थियों की संख्या बढ़ानी चाहिए।
