नई दिल्ली:- महाकुंभ मेले का आज 30वां दिन है. हर दिन की तरह आज भी श्रद्धालु सुबह से ही स्नान कर रहे हैं. माघ पूर्णिमा का स्नान 12 फरवरी को है. इससे पहले ही वीकेंड पर शनिवार सुबह से ही पूरा प्रयागराज जाम हो गया है. जाम से निपटने के लिए सीएम योगी ने कई आईएएस और पीसीएस अफसरों को तैनात किया है. इसके साथ ही माघी पूर्णिमा पर भीड़ बढ़ने की आशंका को देखते हुए नया ट्रैफिक प्लान भी लागू किया गया है. इसके तहत 10 फरवरी की रात 8 बजे से 13 फरवरी की सुबह 8 बजे तक मेले में वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है.
महाकुंभ में अंबानी परिवार
इस बीच बता दें कि गौतम अडानी के बाद अब मुकेश अंबानी का परिवार भी महाकुंभ पहुंच गया है. मुकेश अंबानी के साथ उनकी मां कोकिलाबेन अंबानी और दोनों बेटे-बहू भी महाकुंभ में पवित्र डुबकी लगाने पहुंचे हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसके अलावा अंबानी परिवार के साथ 30 अन्य सदस्य भी इस यात्रा में शामिल होंगे. सभी लोग दोपहर तीन बजे प्रयागराज पहुंच गए हैं. बताया जा रहा है कि 12 जनवरी को माघ महीना खत्म हो जाएगा. यही वजह है कि इस महीने के पूरा होने से पहले ही अंबानी परिवार माघ महीने का अमृत स्नान करने महाकुंभ पहुंच गया है.