छत्तीसगढ़ :– नगरीय निकाय चुनाव खत्म होने के बाद सभी की नजरें इसके नतीजों पर टिकी हुई हैं. 11 फरवरी को हुए मतदान के नतीजे आज 15 फरवरी 2025 को आने वाले हैं. मतगणना शुरू हो गई है. राज्य के 10 नगर निगमों, 49 नगर पालिका परिषदों और 114 नगर पंचायतों सहित 173 नगर निकायों के नतीजे शनिवार शाम तक पूरी तरह से साफ हो जाएंगे. चुनाव का ऐलान होने के साथ ही दोनों ही प्रमुख पार्टियां भाजपा और कांग्रेस अपनी-अपनी जीत का दावा कर रही हैं. प्रदेश में नगरीय निकाय चुनाव में 72.33 प्रतिशत वोट डाले गए थे. इनमें से पुरुष 73.26 और महिलाएं 71.75 प्रतिशत हैं. यानी, पुरुषों ने महिलाओं से करीब डेढ़ प्रतिशत ज्यादा मतदान किया. जबकि, महिला मतदाता 29 जिलों में पुरुषों से ज्यादा हैं. यहां आपको चुनाव परिणाम के पल-पल के अपडेट सबसे पहले मिलेंगे.
मंत्री ओपी चौधरी ने दी प्रतिक्रिया
मंत्री ओपी चौधरी ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि रायगढ़ की जनता-जनार्दन का आशीर्वाद मिलने का पूर्ण विश्वास था. बीते एक वर्ष में लोगों ने विकास की राजनीति को देखा है. चाय का ठेला चलाकर ईमानदारी से जीवन यापन करने वाले जीवर्धन चौहान व भाजपा पार्षदों को जो आशीर्वाद मिला है. हम आगे भी लोगों की आशाओं के अनुरूप कार्य करते रहेंगे.
रायपुर नगर निगम में BJP को बढ़त
रायपुर नगर निगम में भाजपा की प्रत्याशी मीनल चौबे ने जबरदस्त बढ़त बनाई हुई है. मीनल चौबे 101439 वोटों से आगे चल रही हैं.
सुकमा में भी खिला कमल
छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में भी कमल खिला है. सुकमा नगर पालिका में BJP के हुंगा राम मरकाम की जीत हुई है.
जीत के बाद रथ पर सवार होकर निकले प्रत्याशी
बेमेतरा जिला मुख्यालय में नगरी निकाय चुनाव में भाजपा के प्रत्याशी विजय सिन्हा 1030 मतों से कांग्रेस प्रत्याशी सुमन गोस्वामी को हरा दिया.अपने जीते हुए पार्षदों के साथ कृषि उपज मंडी प्रांगण से बाहर निकले. जहां पर भाजपा के कार्यकर्ताओं के समर्थकों ने जोरदार स्वागत किया.. रथ पर सवार होकर विजय रैली के रूप में शहर भ्रमण के लिए निकले हैं. जहां पर जगह-जगह पर भाजपा के कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।
