कोरबा:- नगर पालिका निगम कोरबा में बीजेपी एक लैंडस्लाइड जीत की तरफ बढ़ रही है. नगर निगम कोरबा के लिए यह छठवां चुनाव है. जीत का अंतर कभी भी पांच से दस हजार वोट से अधिक नहीं रहा. इस बार बीजेपी की संजू देवी राजपूत ने चौथे राउंड के बाद कांग्रेस प्रत्याशी उषा तिवारी से लगभग 40000 वोट की बढ़त बना रही हैं. कोरबा के विधायक और कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन ने ईटीवी भारत से खास बातचीत की और बताया कि 10 साल से कोरबा नगर पालिका निगम में कांग्रेस का राज था. इनके कुशासन को जनता ने नकार दिया है.
कांग्रेस पर साधा निशाना : मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि ये जीत भाजपा की ईमानदारी की जीत है. अल्प समय में विष्णुदेव की सरकार ने मोदी की गारंटी को पूरा किया है. नगर पालिका निगम कोरबा में 10 साल से कांग्रेस का राज था. भ्रष्टाचार का बोलबाला था. बीजेपी ने जो ईमानदारी से काम किया है, उसका हमें लाभ मिला है. ना सिर्फ महापौर बल्कि कुल 67 वार्ड में से 50 वार्ड बीजेपी के पार्षद भी जीत रहे हैं. बड़े अंतर से हम जीत दर्ज करने जा रहे हैं.
कांग्रेस की चूक उन्हीं से पूछिए: कांग्रेस से कहां चूक हुई, इस प्रश्न के उत्तर पर मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि कांग्रेस की चूक को मैं नहीं बता सकता. कांग्रेस से कहां चूक हो गई, यह उनसे पूछिए. मंत्री ने कहा कि ”हमने काम किया है, और हमारी ईमानदारी से किए गए काम का प्रतिसाद हमें चुनाव में मिला है.” देवांगन ने यह भी कहा कि जनता ने हमें एक तरफा वोट किया है, इसके दम पर हम अब शहर की सरकार बनाएंगे.