रायपुर:- छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव के नतीजे शनिवार को आ गए। सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी को शहरी सरकार चुनने के इस क्रम में भारी सफलता हाथ लगी है। प्रदेश के सभी 10 नगर निगमों में भाजपा ने कब्जा कर लिया है, वहीं कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो गया है।
रायपुर में सबसे बड़ी जीत
सबसे बड़ी जीत रायपुर से भाजपा की प्रत्याशी मीनल चौबे ने दर्ज की है। मीनल ने कांग्रेस की दीप्ति दुबे को 1 लाख 53 हजार से भी ज्यादा मतो से हरा दिया है। इसके अलावा प्रदेश की 49 नगर पालिकाओं में से 35 पर भाजपा ने जीत हासिल की है, कांग्रेस के हाथ केवल 8 पालिकाएं नगी हैं। वहीं कुल 114 नगर पंचायतों में से 81 पर भाजपा ने जीत हासिल की है तो कांग्रेस के प्रत्याशी केवल 22 शहरों में जीत हासिल कर पाए हैं।
दुर्ग, धमतरी, कोरबा और बिलासपुर में झटका
प्रदेश के बड़े नगर निगमों की बात करें तो दुर्ग में अलका बाघमारे ने 67,000 वोट से कांग्रेस की प्रेमलता साहू को हरा दिया है। वहीं धमतरी में रामू रोहरा ने 34,085 वोटों से जीत गए हैं। कोरबा में संजू देवी ने कांग्रेस की उषा देवी को 52,000 वोट से हराया है। बिलासपुर में भाजपा प्रत्याशी पूजा विधानी ने कांग्रेस के प्रमोद नायक को 66,179 मतों से शिकस्त दी है।
रायगढ़ में मेयर बना चायवाला
रायगढ़ में चाय वाले के नाम से मशहूर हुए भाजपा उम्मीदवार जीववर्धन चौहान ने जानकी काटजू को 36,365 वोट से हराया राजनांदगांव में कांग्रेस के युवा प्रत्याशी निखिल द्विवेदी भाजपा के पूर्व सांसद मधुसूदन यादव से बड़े अंतर से हार गए। जगदलपुर में भाजपा के संजय पांडेय ने मलकीत सिंह गैदू को तगड़ी शिकस्त दी है। अंबिकापुर में भाजपा की मंजूषा भगत ने 11,063 वोटों से कांग्रेस के डॉ. अजय तिर्की को हराया। चिरमिरी में कांग्रेस प्रत्याशी विनय जायसवाल 5200 वोटों से भाजपा के रामनरेश राय से हार गए हैं।
