नई दिल्ली:- दिल्ली में छात्र राजनीति से सक्रिय सियासत में आई रेखा गुप्ता चौथी महिला मुख्यमंत्री के रूप में पद की शपथ लेंगीं. रेखा गुप्ता भारतीय जनता पार्टी की एक प्रमुख नेता हैं, जो दिल्ली की शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र से इस बार विधायक चुनी गई हैं. उनका जन्म 19 जुलाई 1974 को हरियाणा के जुलाना में हुआ था. उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से वाणिज्य में स्नातक की डिग्री प्राप्त की और बाद में प्रबंधन और कला में मास्टर डिग्री हासिल की. दिल्ली की होने वाली मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता करोड़ों की मालकिन है. आइए जानते हैं रेखा गुप्ता के पास कितनी संपत्ति है.
दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के नामांकन के दौरान चुनाव आयोग में दाखिल हलफनामे के अनुसार, रेखा गुप्ता ने अपनी कुल चल संपति एक करोड़ 25 लाख 73 हजार 289 रुपये बताई है. जबकि रेखा गुप्ता की कुल अचल संपत्ति की कीमत 2 करोड़ 30 लाख रुपए है. उनकी कुल संपत्ति 3 करोड़ 55 लाख रुपये है. रेखा गुप्ता पर कुल 48 लाख 44 हजार 685 रुपये का कर्ज है.
इनकम टैक्स रिटर्न में दर्शाई गई आय
2023-24: 6,92,050 रुपये
2022-23: 4,87,850 रुपये
2021-22: 6,51,771 रुपये
2020-21: 6,07,910 रुपये
2019-20: 5,89,710 रुपये
रेखा गुप्ता की राजनीतिक करियर: रेखा गुप्ता ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत 1993 में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से की, और 1996-1997 में दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ की अध्यक्ष बनीं. 2007 और 2012 में उत्तरी पीतमपुरा (वार्ड 54) से निगम पार्षद चुनी गईं थी. इसके बाद, 2022 में दिल्ली नगर निगम के मेयर पद के लिए बीजेपी की उम्मीदवार के रूप में नामित की गईं थी.
रेखा गुप्ता की राजनीतिक यात्रा में महिला कल्याण, शिक्षा सुधार और सामुदायिक विकास पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया है. उन्होंने अपने क्षेत्र में स्विमिंग पूल, जिम, पुस्तकालय और सामुदायिक हॉल जैसी सुविधाओं की स्थापना की है. इसके अलावा, उन्होंने महिलाओं और बच्चों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविरों की शुरुआत की और महिला भ्रूण हत्या और बाल श्रम के खिलाफ जागरूकता अभियानों का संचालन किया है.
एसबीआई में रेखा के पिता की नौकरी: रेखा गुप्ता के पिता ने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में नौकरी की थी, और इसी कारण उनका परिवार दिल्ली शिफ्ट हो गया था. उनके दादा मनीराम जिंदल गांव में रहते थे, और उनके परिवार ने व्यापार से जुड़ी कई पारंपरिक जिम्मेदारियाँ निभाई हैं. वे अभी भी समय-समय पर अपने गांव जाती हैं और अपने परिवार से जुड़ी हुई हैं.
वैश्य समुदाय से आती हैं रेखा गुप्ता: रेखा गुप्ता वैश्य समुदाय से आती हैं, जो दिल्ली में अछि खासी संख्या में है. वैश्य समुदाय को भाजपा का कोर वोटर माना जाता है. उनके राजनीतिक अनुभव और लोकप्रियता को देखते हुए यह कयास लगाए जा रहे हैं कि यदि दिल्ली में महिला मुख्यमंत्री का चुनाव होता है, तो रेखा गुप्ता की दावेदारी काफी मजबूत हो सकती है. फिलहाल देश में बीजेपी के कोई भी महिला मुख्यमंत्री नहीं है.