जयपुर :- आजकल बदलती लाइफ स्टाइल के बीच लोगों को बाल और स्कैल्प की भी काफी समस्या हो रही है. खास तौर पर सिर में रूखेपन से अक्सर लोगों को फंगल इंफेक्शन की शिकायत आ रही है. ऐसे में आसान घरेलू उपाय इस दिशा में कारगार साबित हो सकते हैं. आयुर्वेद चिकित्सक डॉक्टर रोहित गुप्ता बताते हैं कि सिर के फंगल इंफेक्शन की वजह से बालों में खुजली और अत्यधिक रूसी हो जाती है. फंगस पैदा करने वाले बैक्टीरिया आमतौर पर मानसून में पैदा होते हैं और बारिश के बाद भी इनका प्रभाव खत्म नहीं होता. इस दौरान लोग डैंड्रफ से भी काफी परेशान रहते हैं.
आजमा सकते हैं यह घरेलू उपाय : आयुर्वेद एक्सपर्ट डॉक्टर रोहित गुप्ता के मुताबिक फंगल इंफेक्शन से परेशान होने पर आपके घर में मौजूद कुछ चीजों से आप इससे छुटकारा पा सकते हैं. कुछ ऐसी चीज़ें, जिनकी मदद से आप डैंड्रफ और फंगस इंफेक्शन से बच सकते हैं. फंगल इंफेक्शन नीम की पत्तियों या इसके तेल से भी दूर किया जा सकता है. इसके लिए घर में नीम की पत्तियों का पेस्ट बना लें और उसमें थोड़ा सा नींबू का रस और थोड़ी हल्दी मिला लें. इस पेस्ट को बालों की जड़ों में 30 मिनट तक लगाकर छोड़ दें, जल्दी ही आपका इंफ्केशन दूर हो जाएगा. जाहिर है कि नीम को औषधीय गुणों के कारण एक प्रभावी एंटीफंगल उपाय माना जाता है.
इसके अलावा फंगल इंफेक्शन को रोकने के लिए दही काफी मददगार साबित हो सकता है. दही में मौजूद प्रोबायोटिक्स लैक्टिक एसिड बनाता है, जो फंगल इंफेक्शन की रोकथाम में मददगार होता है. बालों में दही लगाकर कुछ समय छोड़ने के बाद शैम्पू कर लें. इसके अलावा स्कैल्प के फंगल इंफेक्शन को दूर करने के लिए बेकिंग सोडा बड़े काम की चीज है. ये सिर में फंगल को कम कर राहत दिलाता है. बेकिंग सोडा को पानी में मिक्स कर थोड़ी देर के लिए मसाज करें और बाद में शैम्पू की बजाय सिर को सादे पानी से ही धो लें.
इन नुस्खों से मिल सकता है आराम : सिर और बालों में फंगल इंफेक्शन को दूर करने में एलोवेरा जेल काफी कारगर साबित होता है. इसे बालों में लगाने से जलन, खुजली और रैशेज से राहत मिल सकती है. इंफेक्शन होने पर बालों की जड़ों में एलोवेरा जेल 30 मिनट तक लगाकर छोड़ दें, जल्दी ही आपको इस समस्या से मुक्ति मिल जाएगी. फंगल इंफेक्शन को दूर करने के लिए एप्पल साइडर विनेगर भी बेहतर विकल्प है. विनेगर इंफेक्शन पैदा करने वाली फंगी पर वार करता है. इसे इस्तेमाल करने के लिए एप्पल विनेगर को पानी में मिला लें और फिर इसे धीरे-धीरे सिर पर डालें. इससे स्कैल्प का पीएच लेवल संतुलित रहेगा. इसके अलावा टी-ट्री ऑयल किसी भी तरह के फंगल इंफेक्शन की समस्या को दूर करने में मदद करता है. अगर आपके भी स्कैल्प पर फंगल इंफेक्शन है तो टी-ट्री ऑयल को ऑलिव या बादाम के तेल के साथ मिलाकर सिर पर मालिश करें. इससे जल्द ही आपको इस समस्या से छुटकारा मिलेगा.
इस वजह से होता है इंफेक्शन : फंगल इंफेक्शन कई कारणों से हो सकता है, जिसमें मुख्य रूप से मौसम बदलने के दौरान बालों की सही देखभाल न करना है. इसके अलावा गंदे तकिए और तौलियों का इस्तेमाल करने से भी इंफेक्शन हो सकता है. इसके अलावा अधिक नमी और पसीने के कारण स्कैल्प में गंदगी जमा होने से भी बालों की जड़ों में फंगल पैदा हो सकती है. जिन लोगों का सिर बार-बार गीला होता है, उन्हें भी इसका ध्यान रखना चाहिए. इसके अतिरिक्त सही खानपान न होने से इम्यूनिटी कमजोर होने पर भी सिर में इंफेक्शन हो सकता है।
इस तरह से रखें सावधानी : बालों की अच्छी देखभाल आपका लुक बदल सकती है. लिहाजा जरूरी है कि हेल्दी हेयर केयर की जाए. इसके लिए आप हमेशा बालों को साफ और सूखा रखें. सिर के लिए अलग तौलिया और कंघी का उपयोग भी बेहतर रहता है. बालों में बहुत ज्यादा केमिकल प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल नहीं करें और हेल्दी डाइट के साथ ही अपनी इम्यूनिटी को मजबूत करें. जाहिर है कि इन घरेलू उपायों को अपनाकर आप इस समस्या से छुटकारा पा सकते हैं और अपने बालों को स्वस्थ बनाए रख सकते हैं, लेकिन समस्या ज्यादा बढ़ रही हो, तो आपको डॉक्टर की सलाह जरूर लेनी चाहिए.
