नई दिल्ली – प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सोमवार को पीएम-किसान की 19वीं किस्त जारी करेंगे. इसमें 9.8 करोड़ किसानों के बैंक खातों में लगभग 22,000 करोड़ रुपये सीधे ट्रांसफर किए जाएंगे. प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से देश के किसान लाभान्वित हो रहे हैं. इसका लाभ उठाने वाले किसानों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही है. उनका कहना है कि जब से यह योजना शुरू हुई है, उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है और खेती-बाड़ी में राहत मिली है.
किसान जगमेन्द्र ने बताया कि प्रधानमंत्री द्वारा चलाई गई किसान सम्मान निधि योजना बहुत अच्छी है. इसके कई फायदे हैं. इससे खाद, बीज, दवाइयां या खेती और घर के किसी भी काम में जरूरत पड़ने पर मदद मिलती है. जब से किस्त आनी शुरू हुई है, कुछ फायदा हुआ है. अब तक 18 किस्तें आ चुकी हैं. कभी-कभी देरी हो जाती है, लेकिन फिर भी यह योजना लाभकारी है. पहले काफी दिक्कत होती थी. समय पर खाद, बीज या दवाइयां लेने के लिए पैसे नहीं होते थे. उधार लेना पड़ता था या किसी तरह काम चलाना पड़ता था. अब पैसे सीधे खाते में आते हैं, जिससे समय पर जरूरत की चीजें खरीदी जा सकती हैं. पहले जो लेने-देने की परेशानी थी, वह अब कम हो गई है। इस योजना से किसानों को राहत मिली है.
