बिलासपुर :- बिलासपुर के निजी स्कूल में शुक्रवार को हुए एक बड़े हादसे ने स्कूल प्रशासन की लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.स्कूल के टॉयलेट में हुए सोडियम ब्लास्ट से चौथी कक्षा की एक मासूम बच्ची बुरी तरह झुलस गई है. इस घटना के बाद से स्कूल प्रशासन घिर गया है और परिजनों में जबरदस्त आक्रोश है.
अभिभावकों ने मांगा स्कूल प्रबंधन से जवाब : स्कूल के बाहर शनिवार सुबह से ही बड़ी संख्या में अभिभावक इकट्ठा होना शुरु हो गए.इस दौरान अभिभावकों ने कहा कि वो स्कूल में सुबह से खड़े हैं.लेकिन अब तक प्रबंधन ने उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया है.अभिभावकों का कहना है कि हम लोग चाहते हैं कि स्कूल प्रशासन के इंचार्ज, फादर या प्रिंसिपल खुद सामने आकर बताएं कि आखिर इस घटना की सच्चाई क्या है और इसके लिए जिम्मेदार लोगों पर क्या कार्रवाई हो रही है.
स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप : परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर आरोप लगाए कि इसे बच्चों की शरारत बताकर मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है. वहीं सूत्रों के के मुताबिक ब्लास्ट में इस्तेमाल हुआ सोडियम लैब से नहीं निकाला गया था, बल्कि ऑनलाइन पटना से मंगाया गया था. आशंका जताई जा रही है कि ये किसी शिक्षक के लिए मंगाया गया था. परिजनों का कहना है कि इस घटना के पीछे किसी बड़े स्तर की लापरवाही हो सकती है, जिसकी गहन जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जरूरत है.
इस बीच स्कूल प्रशासन ने अभी तक कोई स्पष्ट बयान नहीं दिया है. प्रशासन की ओर से कहा गया है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों पर उचित कार्रवाई की जाएगी.हालांकि अब तक प्रबंधन की ओर से कोई ठोस कदम उठाते नहीं दिख रहे.