नई दिल्ली:– पश्चिम बंगाल में टीमएसी के लिए कोलकाता नगर निगम के फैसले ने मुसीबत पैदा कर दी है। मंगलवार को निगम द्वारा एक आदेश जारी किया गया, जिसमें विश्वकर्मा पूजा की छुट्टी कैंसिल कर दी गई। इसके साथ ईद की छुट्टी को बढ़ाकर दो दिन कर दी गई। यह आदेश हिंदी मिडियम के स्कूलों के लिए जारी गिए गए थे। इस पर चीफ एजूकेशन विभाग के हस्ताक्षर हैं।
इस मामले पर भाजपा नेताओं ने बवाल खड़ा कर दिया। मामला हाथ से निकलता देख कोलकाता नगर निगम ने आदेश रद्द कर दिया। इसके बाद कोलकाता नगर निगम ने इस आदेश को जारी करने वाले शिक्षा विभाग के अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। हालाकि इस मामले पर सफाई देते हुए निगम द्वारा इसे टाइपिंग मिसटेक करार दिया गया है।
बता दें कि विश्वकर्मा पूजा की छुट्टी 17 सितंबर को दी जाती है। कोलकाता नगर निगम की ओर से जारी आदेश में साफ साफ लिखा गया था कि 17 सितंबर 2025 को विश्वकर्मा पूजा की छुट्टी नहीं रहेगी, क्योंकि इस छुट्टी के बदले ईद उल फितर की छुट्टी बढ़ा दी गई है। जारी इस आदेश के अनुसार, राज्य में ईद की छुट्टी 31 मार्च और 1 अप्रैल को घोषित की गई थी। छुट्टियों में बदलाव की नोटिस पर भाजपा ने टीएमसी पर राजनीतिक लाभ के लिए तुष्टिकरण के आरोप लगाए हैं।
वहीं पत्रकारों को नगर निगम द्वारा बताया गया कि ये आदेश सक्षम प्राधिकारी की सहमति के बिना जारी किए गए थे। विवाद के बाद आदेश को रद्द कर दिया गया है। इसके साथ ही जिम्मेदार अधिकारी के खिलाफ एक्शन लिया जा रहा है। हालाकि अभी नई छुट्टियों की लिस्ट नहीं जारी की गई है। कोलकाता नगर निगम द्वारा कहा गया कि जल्द ही सुधारों के साथ नई लिस्ट जारी की जाएगी।
मीडिया नोट में कहा गया है, “राज्य सरकार की छुट्टियों की सूची को मौजूदा मानदंडों के अनुसार बनाए रखते हुए एक संशोधित और सटीक आदेश आने वाले समय में जारी करेगी।” वहीं भाजपा नेताओं का कहना है कि हम लोगों द्वारा इस मुद्दे को उठाया गया। इसके बाद कोलकाता नगर निगम को अपना फैसला वापिस लेना पड़ा।
बंगाल बीजेपी के महासचिव जगन्नाथ चट्टोपाध्याय ने पत्रकारों को कहा कि, “यह विश्वास करने योग्य नहीं है कि नगर निगम अधिकारी विश्वकर्मा पूजा की छुट्टी रोकने और ईद-उल-फितर की छुट्टी बढ़ाने के निर्णय से अनभिज्ञ थे।” उन्होंने कहा कि इस वर्ष की शुरुआत में कलकत्ता उच्च न्यायालय के आदेश के बाद दक्षिण कोलकाता के एक कॉलेज में पुलिस सुरक्षा के साथ सरस्वती पूजा आयोजित की गई थी।
