बेमेतरा:- जिले में मोबाईल ब्लास्ट होने का मामला सामने आया है. मोबाइल युवक की जेब में ब्लास्ट हो गया. जिससे युवक का हाथ और जांघ झुलस गया है. बताया जा रहा है कि जिले में मोबाइल ब्लास्ट की पहली घटना है.
घायल युवक का बेमेतरा जिला अस्पताल में इलाज: घटना बुधवार की है. जब लोलेसरा गांव का युवक नीतीश कुमार वर्मा सोमनाथ धाम में लगे मेला में शामिल होने जा रहा था. तभी उसके जेब में रखा एन्ड्रॉयड मोबाइल अचानक ब्लास्ट हो गया. जिससे युवक को चोट आई है.
घायल युवक को बेमेतरा के शासकीय जिला अस्पताल में भर्ती कराया है. जहां उसका इलाज चल रहा है. युवक की हालत सामान्य बताई जा रही है. उसे किसी प्रकार का कोई खतरा नहीं है.
मिट्टी से आग पर पाया काबू: युवक के मित्र राहुल वर्मा ने बताया कि मेला जाते वक्त नीतीश की जेब में रखा मोबाइल ब्लास्ट हो गया और आग लग गई. मिट्टी डालकर मोबाइल से आग बुझाई गई है.
4 माह पहले लोन में खरीदा था मोबाइल: मोबाइल 4 महीने पहले युवक ने लोन पर खरीदा था, जिसकी किश्त अभी भी चल रही है. मोबाइल फटने से पहले करीब 60% चार्ज हुआ था. वी मोबाइल पूरी तरीके से ब्लास्ट हो कर जल गया है. सम्बंधित कंपनी को मोबाइल ब्लास्ट की सूचना देने की बात कही जा रही है.