छत्तीसगढ़ :– नक्सलियों और जवानों के बीच मुठभेड़ की खबरें लगातार आ रही हैं। वहां से मिली जानकारी के अनुसार इस मुठभेड़ में दो नक्सलियों को मार गिराने में सुरक्षा बलों को सफलता मिली है। जबकि दोनों ओर से अभी भी फायरिंग जारी है। शनिवार को पुलिस ने जानकारी दी कि सुकमा में एक बार फिर जवानों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई है।
मुठभेड़ की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि सुकमा के किस्टाराम थाना क्षेत्र में गोलियों की आवाज सुनाई दे रही है। यहां सुरक्षा बलों के साथ नक्सल विरोधी अभियान की टीम नक्सलियों का सामना कर रही है। यहां मुठभेड़ में दो नक्सली मारे गए हैं। उनके शवों के साथ ही भारी मात्रा में हथियार बरामद किए गए हैं।
अधिकारियों ने दी जानकारी
घटना की जानकारी देते हुए एक अधिकारी ने बताया कि सुकमा में जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) और कोबरा के जवान नक्सलियों के साथ फायरिंग में लगे हुए हैं। उन्होंने बताया कि दोनों टीमों ने मिलकर नक्सलियों के खिलाफ ऑपरेशन शुरू किया था। टीम को सूचना मिली थी कि इलाके में नक्सली मौजूद हैं। इसके बाद शनिवार सुबह गोलियों की आवाज से इलाका दहल गया।
सुबह से जारी है मुठभेड़
घटना की जानकारी देते हुए अधिकारियों ने बताया कि शनिवार को जब जवानों का दल इलाके में था, तभी नक्सलियों ने सुरक्षा बलों पर गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद सुरक्षा बलों ने भी जवाबी कार्रवाई की। उन्होंने बताया कि शनिवार सुबह से ही सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच रुक-रुक कर मुठभेड़ जारी है।
सुरक्षाबलों ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन
अधिकारियों के मुताबिक सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ स्थल और आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। राज्य में सत्ता परिवर्तन के साथ ही नक्सलियों के खिलाफ कार्रवाई तेज हो गई। कार्रवाई का नतीजा यह हुआ कि छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के मुठभेड़ के मामलों में काफी इजाफा हुआ। पिछले कुछ महीनों में सैकड़ों नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया और सैकड़ों नक्सली मारे गए हैं। हालांकि इन अभियानों में जवान भी शहीद हुए हैं। ऐसे में नक्सलियों के खिलाफ जवानों की कार्रवाई जारी है।
