गौरेला पेंड्रा मरवाही:- नगरीय निकाय चुनाव में कांग्रेस पार्टी को छोड़कर निर्दलीय चुनाव लड़ने वाले नेताओं पर पार्टी ने कार्रवाई की थी. शनिवार को पार्टी ने सभी 14 बागी नेताओं का निलंबन रद्द कर दिया. निलंबन रद्द होने के बाद उनकी प्राथमिक सदस्यता फिर से बहाल हो गई. निलंबन रद्द करने का आदेश जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने जारी किया.
बागी नेताओं का निलंबन रद्द: नगरीय निकाय चुनाव के दौरान कांग्रेस से कई लोगों को चुनाव लड़ने का टिकट नहीं मिला था. टिकट नहीं मिलने से नाराज 14 नेताओं ने निर्दलीय चुनाव मैदान में उतरने का फैसला किया. निर्दलीय चुनाव लड़कर जीतने वाले पार्षदों को पार्टी ने फिर से अपने साथ कर लिया. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और संगठन महामंत्री मलीकत सिंह गैदू की अनुशंसा पर सभी बागी नेताओं की घर वापसी हुई.
इन नेताओं का निलंबन हुआ रद्द: प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष उत्तम वासुदेव ने 14 कांग्रेस नेताओं को कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता बहाल करते हुए उन्हें वापस कांग्रेस पार्टी में शामिल किया. जिन नेताओं का निलंबन रद्द किया गया है उसमें नगर पालिका पेंड्रा के राकेश जालान, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रशांत श्रीवास, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष इकबाल सिंह, मो. सादिक खान, जयदत्त तिवारी, जैलेश सिंह, सुशीला शर्मा, प्रवेश शर्मा, मो जमील ईराकी, सौभाग्य सिंह, सार्थक गुप्ता, प्रेमवती कोल, शशांक शर्मा, दानिश खान शामिल हैं.