कवर्धा:- नगर पालिका कवर्धा के नवनिर्वाचित अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी शपथ ग्रहण समारोह से पहले ऑटो में सवार होकर घर से निकले. नगर में जितने भी मंदिर थे सभी में मत्था टेका और भगवान का आशीर्वाद लिया. डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने जब चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी को ऑटो में सवार होकर आते देखा तो कहा कि ये हैं सच्चे नेता जो जनता के लिए काम करेंगे. डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कहा कि जनता के बीच सक्रिय रहने वाले नेता को हमने आपकी सेवा के लिए चुना है.
ऑटो में नेताजी: दरअसल, कवर्धा नगर पालिका के नवनिर्वाचित अध्यक्ष और पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह था. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर डिप्टी सीएम विजय शर्मा और सांसद संतोष पांडेय भी पहुंचे थे. नवनिर्वाचित अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी जब ऑटो से मंदिरों के दर्शन कर शपथ ग्रहण समारोह में पहुंचे तो डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने उनकी जमकर तारीफ की. नगरपालिका अध्यक्ष के रुप में चन्द्रप्रकाश चन्द्रवंशी समेत 27 वार्ड पार्षदों को कलेक्टर गोपाल वर्मा ने शपथ दिलाई. शपथ ग्रहण के बाद अध्यक्ष चन्द्रप्रकाश चन्द्रवंशी अपने अपने नए केबिन में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा अर्चना कर पदभार ग्रहण किया.
जिम्मेदारी पूरी करना पहली प्राथमिकता: नवनिर्वाचित अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने अपने कहा कि मैं और मेरे सभी 27 पार्षद जनता के विश्वास पर खरा उतरने के लिए पूरी निष्ठा से 24 घंटे काम करेंगे. हमारा लक्ष्य कवर्धा नगर का चौमुखी विकास करना है. हम केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को शहर के अंतिम व्यक्ति तक लेकर जाएंगे.