नई दिल्ली:- बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए होने वाली प्रसिद्ध अमरनाथ यात्रा की तारीखों का ऐलान हो गया है. इस साल अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई से शुरू होकर 9 अगस्त तक चलेगी. यानी इस बार पवित्र अमरनाथ यात्रा 38 दिनों तक चलेगी. यात्रा की तारीखों की आधिकारिक घोषणा श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड की बैठक में की गई. दक्षिण कश्मीर हिमालय में भगवान शिव के पवित्र मंदिर की वार्षिक अमरनाथ यात्रा हर साल जुलाई से अगस्त के महीने तक आयोजित की जाती है. यात्रा प्रबंधन की जिम्मेदारी और आरंभ व समापन तिथियों का निर्णय अमरनाथ श्राइन बोर्ड द्वारा लिया जाता है.
इन रास्तों से होती है अमरनाथ यात्रा
38 दिनों तक चलने वाली यह यात्रा दो रास्तों से संपन्न होती है. पहला रास्ता अनंतनाग जिले में स्थित पारंपरिक 48 किलोमीटर लंबा नुनवान-पहलगाम मार्ग है, जबकि दूसरा गांदेरबल जिले में स्थित 14 किलोमीटर लंबा बालटाल मार्ग है. श्रीनगर से 141 किलोमीटर दूर और समुद्र तल से 12,756 फीट की ऊंचाई पर स्थित अमरनाथ में बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए हर साल लाखों भक्त पहुंचते हैं.
अमरनाथ यात्रा के लिए कहां से करें रजिस्ट्रेशन
बाबा बर्फानी के दर्शनों के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं को रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य है. अमरनाथ यात्रा 2025 के लिए पंजीकरण प्रक्रिया भी जल्द शुरू होने की उम्मीद है. रजिस्ट्रेशन शुरु होने पर भक्त श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड की ऑफिशियल वेबसाइट https://jksasb.nic.in पर जाकर रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं. इसके अलावा, अमरनाथ श्राइन बोर्ड की मोबाइल एप्लिकेशन से भी अमरनाथ यात्रा के लिए पंजीकरण किया जा सकता है.
ऐसे करा सकते हैं ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन
रजिस्ट्रेशन शुरु होने पर सबसे पहले श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट jksasb.nic.in पर जाएं.
मेनू में ‘ऑनलाइन सेवा‘ पर क्लिक करें.
इसके बाद ‘यात्रा परमिट पंजीकरण’ पर क्लिक करें.
फिर ‘मैं सहमत हूं’ पर चेक करके ‘पंजीकरण करवाएं’ पर क्लिक कर दें.
यहां यात्री को अपनी पूरी जानकारी भरनी है और सबमिट कर देना है. फिर रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर ओटीपी आएगा.
ओटीपी डालने के बाद आवेदन की फीस ऑनलाइन ट्रांसफर करके जमा करें.
जिसके बाद रजिस्ट्रेशन प्रोसेस पूरी हो जाएगा.
सबसे अंत में यात्रा परमिट डाउनलोड करना है.
अमरनाथ यात्रा से जुड़ी अन्य जरूरी जानकारी
आयु सीमा: 13 से कम और 70 साल से ज्यादा उम्र के लोग इस यात्रा में शामिल नहीं हो सकते. इसके अलावा 6 सप्ताह से अधिक गर्भवती महिलाएं भी इस यात्रा पर नहीं जा सकतीं.
स्वास्थ्य प्रमाण पत्र है अनिवार्य: जो लोग भी अमरनाथ यात्रा करना चाहते हैं, वो बिना स्वास्थ्य प्रमाण पत्र के आवेदन नहीं कर सकेंगे. पंजीकरण के लिए, आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, आपका मेडिकल सर्टिफिकेट आपके राज्य के अधिकृत डॉक्टर या अस्पताल द्वारा जारी होना चाहिए. आपकी फोटो केवल .JPEG या .JPG फॉर्मेट में होनी चाहिए और 1 एमबी से कम आकार की होनी चाहिए. मेडिकल सर्टिफिकेट को स्कैन करके .PDF फॉर्मेट में अपलोड करें, और यह भी 1 एमबी से अधिक नहीं होना चाहिए. अपनी मूल फोटो आईडी और मेडिकल सर्टिफिकेट को यात्रा करते समय साथ रखें.
