सूरत:- अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस 2025 के अवसर पर पीएम नरेंद्र मोदी आज शनिवार को गुजरात के नवसारी में ‘लखपति दीदी’ सम्मेलन में सम्मिलित हुए. इस दौरान पीएम मोदी को सम्मानित किया गया. बता दें, इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने 1.5 लाख से अधिक महिलाओं को संबोधित किया.
उन्होंने कहा कि आज का दिन महिलाओं को समर्पित है.
माताओं-बहिनों को बैंकिंग से जोड़ा गया है. उन्होंने कहा कि सभी लोगों को महिलाओं से प्रेरणा लेनी चाहिए. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मैं दुनिया का सबसे धनवान व्यक्ति हूं क्योंकि मुझे देश की महिलाओं का आर्शीवाद प्राप्त है. यही मेरा कवच है.
उन्होंने आगे कहा कि आज, इस दिन, मैं गर्व से कह सकता हूं कि मैं दुनिया का सबसे अमीर व्यक्ति हूं. जब मैं कहता हूं कि मैं दुनिया का सबसे अमीर व्यक्ति हूं, तो कई लोगों के कान खड़े हो जाएंगे. आज पूरी ट्रोल आर्मी मैदान में उतर जाएगी, लेकिन मैं फिर भी दोहराऊंगा कि मैं दुनिया का सबसे अमीर व्यक्ति हूं. मेरे जीवन के खाते में करोड़ों माताओं, बहनों और बेटियों का आशीर्वाद है और ये आशीर्वाद निरंतर बढ़ रहे हैं, इसीलिए मैं कहता हूं कि मैं दुनिया का सबसे अमीर व्यक्ति हूं.
पीएम मोदी ने कहा कि मैं अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस 2025 के अवसर पर देश की महिलाओं को हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं. आज यहां गुजरात सफल और गुजरात मैत्री दो योजनाएं शुरू की गई हैं. कई योजनाओं का पैसा भी सीधे महिलाओं के बैंक खातों में ट्रांसफर किया गया है. आज का दिन महिलाओं को समर्पित है. यह हम सभी के लिए महिलाओं से प्रेरणा लेने का दिन है. यह महिलाओं से कुछ सीखने का दिन है.
इससे पहले राज्य के गृह मंत्री हर्ष सिंघवी ने कहा कि कार्यक्रम में करीब 1.50 लाख महिलाएं शामिल होंगी. वहीं, कार्यक्रम में शामिल होने से पहले पीएम मोदी ने लखपति दीदियों से बातचीत भी की.
वहीं, गुजरात पुलिस ने भी कहा कि कार्यक्रम की सुरक्षा व्यवस्था की पूरी जिम्मेदारी महिला बल और पुलिस कर्मियों के कंधों पर होगी. पीएम मोदी कल शुक्रवार को राज्य के दो दिनों के दौरे पर गुजरात पहुंचे थे. जहां उन्होंने कई कार्यक्रमों में शिरकत की.
हर्ष सिंघवी ने आगे कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर नवसारी में होने वाले इस कार्यक्रम में बड़ी व्यवस्था की गई है. गुजरात पुलिस ने अनूठी व्यवस्था की है. पूरी सुरक्षा महिला अधिकारियों के हाथों में होगी. उन्होंने आगे कहा कि इसकी तैयारियां काफी समय से चल रही हैं. उन्होंने कहा कि कार्यक्रम को संबोधित करने के बाद पीएम मोदी लखपति दीदियों से बातचीत करेंगे. वह 5 लखपति दीदियों को लखपति दीदी प्रमाणपत्र से सम्मानित भी करेंगे.
इस अवसर पर प्रधानमंत्री गुजरात सरकार के जी-सफल और जी-मैत्री कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे. बता दें, जी-मैत्री योजना ग्रामीण आजीविका के लिए अनुकूल वातावरण बनाने के लिए काम कर रहे स्टार्टअप्स को वित्तीय सहायता और सहायता प्रदान करेगी. जी-सफल गुजरात के दो आकांक्षी जिलों और तेरह आकांक्षी ब्लॉकों में अंत्योदय परिवारों की एसएचजी महिलाओं को वित्तीय सहायता और उद्यमशीलता प्रशिक्षण प्रदान करेगा.
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज शनिवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस 2025 के अवसर पर महिलाओं की ताकत और योगदान को मान्यता देते हुए ‘नारी शक्ति’ को सलाम किया.