नई दिल्ली:– दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 18 डिग्री रहेगा। बुधवार को राजधानी में इस साल का दूसरा सबसे गर्म दिन रहा, जब पारा 33.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आईएमडी के मुताबिक, दिन में आसमान में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं और रात में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। वहीं, प्रदूषण के कारण दिल्लीवासियों को गर्मी और उमस का सामना करना पड़ सकता है।
यूपी में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। तापमान में कुछ कमी आएगी। दिल्ली और उत्तर प्रदेश में मौसम में उतार-चढ़ाव के बीच बारिश और ठंडी हवाएं चलने की संभावना है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड जैसे पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी का भी अनुमान है।
यूपी में बारिश के आसार
13 मार्च को उत्तर प्रदेश में बारिश हो सकती है। इस दिन पश्चिमी यूपी में कुछ जगहों पर बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। पूर्वी यूपी में मौसम साफ रह सकता है। इस दौरान प्रदेश के दोनों हिस्सों में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़ और औरैया जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार हैं।
राजस्थान और हिमाचल का हाल
इसके साथ ही उत्तर-पश्चिमी राजस्थान और इससे सटे पाकिस्तान पर ऊपरी चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र भी बन रहा है। इसके चलते गुरुवार से अगले तीन दिनों के दौरान दिल्ली ही नहीं बल्कि एनसीआर और उत्तर भारत के कई राज्यों में मौसम बदलेगा। इसका असर पहाड़ी राज्यों खासकर जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में भी दिख रहा है। यहां बर्फबारी और बारिश जारी है।
महाराष्ट्र-गुजरात में पारा 40 पार
सौराष्ट्र और कच्छ समेत गुजरात के कई इलाकों में तापमान 40 डिग्री के पार चला गया। मुंबई समेत महाराष्ट्र और कोंकण-गोवा इलाके में भी यही हाल है। वहीं जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में 10 मार्च से बर्फबारी जारी है, जो होली और उसके बाद भी उत्तर-पश्चिम से लेकर पूर्वोत्तर भारत तक जारी रह सकती है।
कैसा रहेगा बिहार का मौसम
आईएमडी के अनुसार अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है, खासकर दक्षिण बिहार के कुछ इलाकों में। वहीं, उत्तर-मध्य और उत्तर-पूर्व बिहार में 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पुरवा हवाएं चलेंगी, जिनकी रफ्तार झोंकों के साथ 25 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।