हिमाचल :– बिलासपुर में पूर्व विधायक और कांग्रेस नेता बंबर ठाकुर के घर पर शुक्रवार को फायरिंग हुई। इस गोलीबारी की घटना में बंबर ठाकुर के पैर पर गोली लगी है। इसके अलावा उनका पीएसओ घायल है, जिन्हें अस्पताल रेफर किया गया है। मिली जानकारी के अनुसार बंबर ठाकुर का इस तरह के विवादों से पुराना नाता रहा है।
दरअसल, पूर्व विधायक बंबर ठाकुर पर गोलियां उस समय चलीं जब वे होली खेल रहे थे, इसमें ठाकुर और उनके पीएसओ घायल हुए हैं। उन्हें एम्स बिलासपुर में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
अज्ञात बदमाशों ने 10-12 राउंड गोलियां चलाई
मिली जानकारी के अनुसार, दोपहर के वक्त बंबर ठाकुर पत्नी को मिले सरकारी आवास में समर्थकों के साथ होली खेल रहे थे। इस दौरान कुछ अज्ञात लोगों ने उन पर 10 से 12 राउंड गोलियां चला दी। पुलिस ने बताया कि हमले के तुरंत बाद कांग्रेस नेता बंबर ठाकुर को इंदिरा गांधी चिकित्सा महाविद्यालय, शिमला रेफर कर दिया गया, जबकि पीएसओ को बिलासपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ले जाया गया है।
पहले भी हो चुका है हमला
यह पहला मौका नहीं है, जब बंबर ठाकुर पर जानलेवा हमला हुआ है। इससे पहले फरवरी 2024 में उन पर हमला हुआ था। इस मामले में 11 लोगों को आरोपी बनाया गया था। इसके बाद मुख्य आरोपी पर कोर्ट परिसर में हमला हुआ था। इस हमले में बंबर ठाकुर सहित अन्य लोगों को आरोपी बनाया गया था। बंबर ठाकुर ने कहा था कि उन पर जानलेवा हमले की कोशिश हो रही है। अब उन पर एक बार फिर हमला हुआ है।
सरकारी अस्पताल जाने से इनकार
बताया जा रहा है कि होली मनाने के दौरान गोलीबारी शुरू होने पर बंबर ठाकुर ने कार के पीछे छिपकर अपनी जान बचाई। उन्हें बचाने के लिए उनके पीएसओ ने दो गोलियां अपने शरीर पर झेल लीं। पीएसओ की हालत गंभीर है, उसे एम्स में भर्ती कराया गया है। वहीं, बंबर ठाकुर ने एम्स या पीजीआई जाने से मना कर दिया। इस वजह से उन्हें आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया है।
