रायपुर:- सीएम विष्णु देव साय आज दिल्ली रवाना हुए हैं. दिल्ली दौरे पर सीएम विष्णु देव साय केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात करेंगे. सीएम का भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से भी मिलने का प्रोग्राम है. मुख्यमंत्री बीेजपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से भी मिलेंगे. आलाकमान से मुलाकात के दौरान प्रदेश के राजनीतिक हालात पर चर्चा की जाएगी. राज्य सरकार के लंबित कार्यों पर भी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष से सीएम बात कर सकते हैं. मुलाकात के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के छत्तीसगढ़ दौरे और निगम मंडल में नियुक्ति पर भी चर्चा संभव है.
दिल्ली दौरे पर विष्णु देव साय: दिल्ली रवाना होने के पहले मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने एयरपोर्ट पर पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि ”आज वे दिल्ली जा रहे हैं जहां वो 3 दिन रहेंगे. इस दौरान वे कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे. दिल्ली दौरे पर वो कई केंद्रीय मंत्रियों से भी मिलेंगे.
मंत्रिमंडल विस्तार पर हो सकती है चर्चा: सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार विष्णु देव साय दिल्ली में केंद्रीय मंत्रियों और भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात के दौरान कई विषयों पर चर्चा कर सकते हैं. इसमें छत्तीसगढ़ सरकार के मंत्रिमंडल का विस्तार, निगम मंडल में नियुक्ति भी शामिल है. दोनों अहम मुद्दों को लेकर लगातार मंथन भी जारी है.
अमित शाह से नक्सलवाद के मुद्दे पर चर्चा संभव: सीएम साय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात के दौरान बस्तर विकास के मास्टर प्लान, नक्सल उन्मूलन की रणनीति, बुनियादी ढांचे के विस्तार और महिला सशक्तिकरण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की संभावना है. इसके अलावा मुख्यमंत्री प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के छत्तीसगढ़ के संभावित दौरे पर भी चर्चा कर सकते हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 30 मार्च को छत्तीसगढ़ दौरा प्रस्तावित है.