नई दिल्ली:– जहां एक तरफ बीते शनिवार 8 मार्च को राजधानी दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (BJP)की सरकार ने शहर में गरीब परिवारों की महिलाओं को प्रत्येक माह 2,500 रुपये की सहायता प्रदान करने के लिए महिला समृद्धि योजना को मंजूरी दी और इसके लिए 5,100 करोड़ रुपये आवंटित किए।
वहीं तब मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा था कि महिला समृद्धि योजना को लागू करने के लिए उनकी अध्यक्षता में एक समिति गठित की गई है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ मंत्री आशीष सूद, प्रवेश वर्मा और कपिल मिश्रा भी समिति का हिस्सा होंगे। उन्होंने यह भी कहा था कि लाभार्थियों के लिए शर्तों पर गहन विचार-विमर्श के बाद योजना के तहत आवेदकों को पंजीकृत करने का काम पोर्टल के माध्यम से तुरंत शुरू किया जाएगा।
वहीं अब खबर आ रही है कि रेखा गुप्ता सरकार की ओर से तैयार की जा रही गाइडलाइन के मुताबिक, BPL कार्ड में अंकित शेष महिला इस योजना से लाभान्वित नहीं होंगी। यदि महिला के तीन बच्चे से अधिक हैं तो भी उस महिला को इस योजना का लाभ नहीं मिलेगा। जिस महिला के तीन बच्चे हैं और तीनों वैक्सीनेटेड नहीं हैं तो भी उस महिला को लाभ नहीं मिलेगा।
ये हैं गाइडलाइन के खास पॉइंट्स
महिला के पास बीपीएल कार्ड होना जरूरी ।
महिला की उम्र 21 से 60 साल के बीच हो।
योजना का पैसा सीधे महिला के बैंक अकाउंट में ही जाएगा।
योजना की मॉनिटरिंग जिले स्तर से लेकर राज्य स्तर तक खुद मुख्यमंत्री कार्यालय करेगा।
वहीं तब मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा था कि दिल्ली सरकार महिलाओं की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए सभी जिलों में ‘वन-स्टॉप सेंटर’ स्थापित करेगी, जिसमें पुलिस सहायता एवं कानूनी परामर्श सहित उन्हें अन्य सहायता प्रदान की जाएगी। जानकारी दें कि, पिछले महीने दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले BJP ने महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये देने का वादा किया था, जो आम आदमी पार्टी (आप) की 2,100 रुपये की पेशकश से अधिक था। BJP की रणनीति सफल रही और उसने विधानसभा की 70 में से 48 सीट जीतीं तथा 26 साल से अधिक के अंतराल के बाद दिल्ली की सत्ता में वापसी की थी।
