कवर्धा:- छत्तीसगढ़ के खजुराहो के नाम से प्रसिद्ध भोरमदेव मंदिर में 26 और 27 मार्च को भोरमदेव महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है. कलेक्टर गोपाल वर्मा ने अधिकारी और जनप्रतिनिधि की बैठक ली और आयोजन को लेकर जरुरी निर्देश दिए.
कलेक्टर ने जनप्रतिनिधियों, पुलिस और संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की. उन्होंने आयोजन के साथ ही सुरक्षा व्यवस्था सहित सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की. सभी संबंधित विभागों को समय पर तैयारी करने के निर्देश दिए गए हैं.
भोरमदेव महोत्सव में बड़ी संख्या में लोग जुटते हैं, लिहाजा भीड़ को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं. जल, विद्युत और अन्य आवश्यक सेवाओं की उपलब्धता के साथ ही आयोजन स्थल पर साफ सफाई और सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश हैं ताकि लोगों को असुविधा न हो.
नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने महोत्सव के प्रचार प्रसार पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि कवर्धा के साथ साथ पड़ोसी जिलों में भी भोरमदेव महोत्सव का ज्यादा से ज्यादा प्रचार किया जाए ताकि इस महोत्सव की आभा पूरे प्रदेश में फैले और इसका महत्व अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचे. चंद्रवंशी ने आयोजन स्थल के आसपास के क्षेत्र में परिवहन और पार्किंग की व्यवस्था को भी प्राथमिकता देने का सुझाव दिया।
कलेक्टर ने सभी विभागों को जिम्मेदारी सौंपते हुए कहा कि महोत्सव के आयोजन की तैयारियां समय पर और प्रभावी तरीके से पूरी की जाएं, ताकि यह महोत्सव पूरी धूमधाम के साथ सफलतापूर्वक आयोजित हो सके. इस दो दिवसीय मोहत्सव में छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति, रीति रिवाजों के साथ बॉलीवुड की सुमधुर गीत संगीत की महफिल से महोत्सव का मंच गूंजेंगा.
भोरमदेव महोत्सव छत्तीसगढ़ के प्रमुख धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों में से एक है. हर साल कवर्धा में इसका आयोजन होता है. इस महोत्सव के दौरान लाखों श्रद्धालु बाबा भोरमदेव के दर्शन के लिए पहुंचते हैं.