नई दिल्ली:– बिजली चोरों पर शिकंजा कसने के लिए विजिलेंस लाइनलास वाले क्षेत्रों को चिह्नित करके विशेष अभियान चलाएगी। विजिलेंस ने शहर के टाप-10 क्षेत्रों को चिह्नित कर लिया है। इन क्षेत्रों में बुधवार से केस्को और दो विजिलेंस की दो-दो टीमें मिलकर चेकिंग अभियान शुरू करेंगी।
बिजली चोरी रोकने के लिए विजिलेंस 15 से 20 प्रतिशत लाइनलास वाले क्षेत्रों में घर-घर चेकिंग अभियान चलाएगी। शहर के टाप-10 क्षेत्रों में सबसे ऊपर चमनगंज का नाम है। यहां 20 से 25 प्रतिशत लाइनलास की रिपोर्ट लगातार सामने आ रही है। एक माह तक लगातार चेकिंग अभियान चलेगा।
जिन क्षेत्रों में लाइनलास की शिकायतें हैं, उन क्षेत्रों में ऐसे लोगों को भी चिह्नित किया जाएगा, जो बिजली चोरी के मामले में एक से ज्यादा बार पकड़े गए हैं। विजिलेंस टीम उनकी निगरानी 24 घंटे करेगी। वहीं ऐसे लोगों की अलग से सूची तैयार की गई है। साथ ही बिजली चोरी रोकने के लिए संबंधित क्षेत्रों के थानों में बैठकें करके स्थानीय जनप्रतिनिधियों से भी सहयोग लिया जाएगा।
अपर पुलिस अधीक्षक, विजिलेंस केस्को, डा. राजेश कुमार तिवारी ने बताया
शहर में जिन क्षेत्रों में बीते कई माह से लगातार लाइनलास की रिपोर्ट आ रही हैं, ऐसे टाप-10 क्षेत्रों को चिह्नित कर लिया गया है। बुधवार से इन सभी क्षेत्रों में दिनरात चेकिंग अभियान चलेगा। वहीं बिजली चोरी रोकने के लिए लोगों को भी जागरूक किया जाएगा।
मार्च में ही बिजली के झटके, मरम्मत के नाम पर धुआंधार कटौती
मौसम बदलते ही बिजली की कटौती से उपभोक्ता परेशान होने लगे हैं। शहर में प्रतिदिन अलग-अलग 10 से 15 सबस्टेशनों में तीन से चार घंटे तक कटौती हो रही है। बिजली कार्यालयों में शिकायतों की सुनवाई करने की जगह कर्मचारी हेल्पलाइन नंबर बताकर पल्ला झाड़ लेते हैं।
वहीं, जिम्मेदार लगातार पेड़ों की छंटाई, सबस्टेशनों की मरम्मत और आरडीएसएस योजना के तहत हो रहे कार्यों का हवाला देकर कटौती को शटडाउन बताने में जुटे हैं। होली पर अचानक सात सबस्टेशनों में फाल्ट के चलते चार से पांच घंटे तक बिजली गुल रही। इस दौरान रोजेदारों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। केस्को के रिकार्ड में 23 घंटे से ज्यादा की बिजली आपूर्ति का दावा किया जाता है लेकिन शटडाउन के नाम पर हो रही कटौती से लोग अभी से त्रस्त हैं।
केस्को के इंजीनियरों का दावा है कि प्रदेश में सबसे बेहतर आपूर्ति केस्को से की जा रही है। अंडरग्राउंड और ओवरहेड केबल डालने के लिए चुनिंदा क्षेत्रों में शटडाउन लिया जा रहा है। नवंबर से केस्को सबस्टेशनों में मरम्मत का कार्य कर रहा है, लेकिन अभी तक यह कार्य खत्म नहीं हो पाया है, जिससे लोगों को परेशानी हो रही है।
