नई दिल्ली : – पूरे देश में मौसम के जल्द ही करवट लेने की आशंका जतायी जा रही है। मौसम विभाग के द्वारा कई राज्यों के आज के मौसम अपडेट को लेकर भविष्यवाणी की है। जहां दिल्ली में तेज हवाएं चलने का अनुमान लगाया जा रहा है, तो वहीं मुंबई में प्रचंड गर्मी की उम्मीद की जा रही है।
आईएमडी के अनुसार, गुरूवार को यूपी में मौसम अंगड़ाई लेने जा रहा है। मौसम विभाग के द्वारा पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 29 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही मौसम विभाग ने कड़क बिजली गिरने की संभावना जतायी जा रही है। अनुमान लगाया जा रहा है कि इन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से तेज हवाएं भी चलने वाली हैं। मौसम के बदलते रूख से तापमान में भी गिरावट आने वाली है। माना जा रहा है कि मौसम विभाग की ये भविष्यवाणी सही हुई तो किसानों के लिए बड़ी मुसीबत आ सकती है।
इन जिलों में बारिश का अलर्ट
आईएमडी के अनुसार, गुरूवार को यूपी के वाराणसी, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, प्रयागराज, गाजीपुर, मऊ, बलिया, जौनपुर, प्रतापगढ़, कौशाम्बी, फतेहपुर, आगरा, मथुरा, हाथरस, अलीगढ़, हापुड़, मेरठ, गाजियाबाद, शामली और सहारनपुर में तेज चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश होने की आशंका जतायी जा रही है।
मुंबई में होगी इतनी गर्मी
महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में अभी अधिकतम तापमान 31 से 32 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया जा रहा है। हालांकि अभी मौसम से जुड़ी गतिविधियां बढ़ेगी, जिससे भयंकर गर्मी पड़ सकती है। स्काईमेट के अनुसार, महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में एक चक्रवाती परिसंचरण बनेगा, जिससे आंधी के साथ बारिश दस्तक दे सकती है। 23 मार्च से ज्यादा से ज्यादा तापमान 36 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जाने की उम्मीद है।
दिल्ली के लिए मौसम विभाग ने दिन के दौरान तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। ज्यादातर तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। स्काईमेट के अनुसार, 20 और 21 मार्च को दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में सुबह हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। ये बारिश बहुत ही कम समय के लिए होगी। इस स्थिति को ‘टच एंड गो’ वाली बारिश कह सकते हैं। इसके बाद थोड़ा सा तापमान गिरेगा, लेकिन अगले हफ्ते से भयंकर गर्मी का अलर्ट है।
