भिलाई:- खुर्सीपार स्थित गणेश मंदिर वार्ड 46 में केमिकल युक्त पानी की गंभीर समस्या बनी हुई है. इस वार्ड में रहने वाले लगभग 20,000 लोग सालों से इस समस्या का सामना कर रहे हैं. लोगों को मजबूरी में दूषित पानी पीना पड़ रहा है, जिससे उनके स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है. स्थानीय निवासियों और पार्षद के अनुसार, इस समस्या के पीछे औद्योगिक क्षेत्रों से निकलने वाला केमिकल युक्त अपशिष्ट जल है, जो पेयजल आपूर्ति को प्रदूषित कर रहा है. बीते दिनों पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने भी केमिकल युक्त पानी का मुद्दा विधानसभा में उठाया था.
इस क्षेत्र में कई फैक्ट्रियां संचालित हैं, जिनसे निकलने वाला केमिकलयुक्त पानी भूजल को प्रदूषित कर रहा है. लोगों का कहना है कि न केवल पीने के लिए, बल्कि कपड़े धोने और नहाने के लिए भी इस पानी का उपयोग नहीं किया जा सकता है, गर्मी के दिनों में स्थिति और भी खराब हो जाती है, जब पानी की उपलब्धता कम हो जाती है और लोग पानी खरीदने के लिए मजबूर हो जाते हैं, यह एक बड़ी समस्या बन चुकी है, जिसे लेकर वार्ड के लोग कई बार प्रशासन से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है.