हरिद्वारः- इन दिनों अवैध संबंधों के मामले लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं. उत्तर प्रदेश के मेरठ में तो एक पत्नी ने रिश्तों का बेरहमी से कत्ल कर दिया. अपने पति के शव के कई टुकड़े कर प्रेमी के साथ रंग रलियां मनाते हुए घूम रही थी. जिसके बाद पुलिस ने गिरफ्तार किया. अब हरिद्वार से भी मेरठ की तरह ही अवैध संबंधों का मामला सामने आया. जहां रितु नाम की महिला ने अपने पति को प्यार से पंजाब से घर बुलाया, लेकिन यह उनकी आखिरी मुलाकात ही हो गई.
हरिद्वार के पथरी थाना इलाके के शाहपुर में गुरुद्वारे के सेवादार की हत्या का मामला भी मेरठ के सौरभ हत्याकांड से मिलता-जुलता है. इस केस में भी मृतक की पत्नी ने मर्डर की पूरी प्लानिंग की थी. सुखपाल को अमृतसर से हरिद्वार किस बहाने से बुलाया जाए और कैसे मौत की नींद सुलाया जाए, यह तरीका भी रितु ने ही चुना. रितु और ऋतिक के खौफनाक इरादों से बेखबर सुखपाल खुशी-खुशी अपनी मौत की तरफ बढ़ा चला आया.
पुलिस की छानबीन में सामने आया कि सुखपाल अमृतसर में रहकर ही एक गुरुद्वारे में सेवादार की नौकरी करता था. उसकी पत्नी रितु अपने दो बच्चों के साथ हरिद्वार में गांव में रहती थी. सुखपाल का बड़ा बेटा 15 साल का है. कुछ समय पहले गुरुद्वारे जाने के दौरान रितु की मुलाकात ऋतिक से हुई थी. दोनों की दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल गई और बातचीत का सिलसिला अवैध संबंध में तब्दील हो गया.
बताया जा रहा है कि ऋतिक उम्र 30 साल तो रितु 40 साल की है. दोनों ने अवैध संबंध को वैध बनाने की लंबी तैयारी की थी. महिला ने अपने पंजाब में नौकरी करने वाले पति सुखपाल को बुलाया और प्रेमी के साथ मिलकर मुंह दबाकर सुखपाल को मौत के घाट उतार दिया. 18 मार्च को सुखपाल का शव खेत में पड़ा मिला था. हत्याकांड का खुलासा करते हुए पुलिस ने आरोपी महिला रितु और उसके प्रेमी ऋतिक को गिरफ्तार कर लिया है. दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उन्हें कोर्ट में पेश कर दिया गया है.
