बलौदाबाजार:- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 मार्च को बिलासपुर जिले के बिल्हा आएंगे. पीएम मोदी के दौरे के मद्देनजर बिलासपुर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. वहीं बिलासपुर के पड़ोसी जिले में भी पुलिस चेकिंग अभियान चला रही है.
सुरक्षा के लिए पुलिस की चौकसी बढ़ी: पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पीएम मोदी की यात्रा के मद्देनजर सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं. रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, होटलों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी गहन जांच की जा रही है. पुलिस यह सुनिश्चित कर रही है कि जिले में कोई संदिग्ध गतिविधि न हो और सुरक्षा व्यवस्था में कोई चूक न रहे. पुलिस प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि उन्हें किसी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें.
पीएम के दौरे से पहले सुरक्षा कड़ी : बलौदाबाजार एएसपी अभिषेक सिंह ने बताया कि पड़ोसी जिला बिलासपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दौरा होने वाला है. उनकी यात्रा के दौरान सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इस अभियान के तहत झारखंड सहित अन्य राज्यों से आकर यहां काम करने वाले लोगों की संपूर्ण जानकारी जुटाई जा रही है.
जिले के सभी थाना प्रभारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है कि बाहरी व्यक्तियों की पहचान के लिए उनके दस्तावेजों की गहन जांच की जाए और उनका सत्यापन किया जाए-अभिषेक सिंह, एएसपी, बलौदाबाजार
फिंगरप्रिंट डेटा NAFIS में अपलोड:पुलिस ने बताया कि दस्तावेजों की जांच की जा रही है और अनिवार्य रूप से फिंगरप्रिंट लिए जा रहे हैं, जिन्हें NAFIS में अपलोड किया जा रहा है. NAFIS प्रणाली अपराधियों के फिंगरप्रिंट का एक राष्ट्रीय डेटाबेस है, जिससे किसी भी व्यक्ति की पहचान और आपराधिक पृष्ठभूमि का पता लगाया जा सकता है.
पेट्रोलिंग टीमों को सख्त निर्देश : पुलिस के मुताबिक बलौदाबाजार जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में पेट्रोलिंग टीमों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में फेरी वाले, ढाबों में काम करने वाले, रोड किनारे जड़ी-बूटी और अन्य दुकान लगाने वाले, डेरा डालकर रहने वाले, रूई-गद्दा व्यापारी, टायर-ट्यूब की दुकान में काम करने वाले और ट्रांसपोर्टर में हेल्पर का काम करने वाले लोगों की जांच करें. सभी लोगों से पहचान पत्र लेकर सत्यापन किया जा रहा है और फिंगरप्रिंट भी लिए जा रहे हैं.
