नई दिल्ली:– दिल्ली विधानसभा का बजट सत्र सोमवार से शुरू होने जा रहा है। 27 साल बाद भाजपा सरकार दिल्ली विधानसभा में अपना बजट रखेगी। सत्र में 25 मार्च को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सदन में वित्त वर्ष 2025-26 का बजट पेश करेंगी। सरकार की योजना जनता के हर वर्ग को साधने की है।
डीटीसी की कार्यप्रणाली पर पेश होगी कैग रिपोर्ट
बजट में भाजपा के चुनावी घोषणापत्र की झलक दिखेगी, जिसमें भाजपा ने विकसित दिल्ली संकल्प पत्र में दिल्ली को विश्व की सर्वश्रेष्ठ राजधानी बनाने के साथ महिलाओं, गरीबों, छात्रों, युवाओं और श्रमिकों के जीवन स्तर को सुधारने का वादा किया है। बजट सत्र में डीटीसी के कामकाज पर कैग रिपोर्ट भी सदन में पेश की जाएगी। यह तीसरी कैग रिपोर्ट होगी, जो सोमवार को सदन में प्रस्तुत की जाएगी।
कब तक चलेगा विधानसभा का बजट सत्र?
विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने बताया कि यह सत्र वित्तीय नीतियों और आगामी वित्तीय वर्ष के विकास रोडमैप को निर्धारित करने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
यह सत्र 24-28 मार्च तक चलेगा और आवश्यकता पड़ने पर इसे बढ़ाया भी जा सकता है। बजट पर 26 को सदन में चर्चा के बाद 27 मार्च को इसे मंजूरी दी जाएगी। इसके अलावा 28 मार्च को निजी विधेयकों और संकल्पों पर चर्चा होगी।
करीब 10 हजार लोगों ने दिए सुझाव
विधानसभा अध्यक्ष ने सभी सदस्यों से सदन की गरिमा बनाए रखने और नियमों का पालन करने का अनुरोध किया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह वास्तव में आम जनता का बजट होगा।
बजट को लेकर पेशेवरों सहित समाज के विभिन्न वर्गों से करीब 10 हजार लोगों ने सुझाव दिए हैं। इसमें से ईमेल से 3,303 व वाट्सएप से 6,982 सुझाव मिले हैं। बजट सत्र खीर समारोह के साथ शुरू होगा।
महिला सम्मान निधि को लेकर सत्तापक्ष को घेरेगा विपक्ष
दिल्ली विधानसभा का सोमवार से शुरू होने वाले बजट सत्र में विपक्षी दल आम आदमी पार्टी (आप)ने महिला सम्मान निधि के तहत 2500 रुपये देने का वादा पूरा न करने को लेकर सत्तापक्ष को घेरने की रणनीति तैयार की है। दिल्ली विधानसभा में नेता विपक्ष आतिशी ने कहा कि वह दिल्ली की महिलाओं की आवाज सदन में उठाएंगी।
