नई दिल्ली:- स्टैंडअप कॉमेडियन कुणाल कामरा विवाद पर एकनाथ शिंदे ने चुप्पी तोड़ी है. महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने मंगलवार को कहा कि किसी भी व्यंग्य की एक सीमा होनी चाहिए. दरअसल, वे कॉमेडियन कुणाल कामरा के एक स्टैंड-अप कॉमेडी शो में दिए गए उनके खिलाफ विवादित बयान का जिक्र कर रहे थे. इस बीच कुणाल कामरा ने माफी मांगने से इनकार कर दिया है.
पत्रकारों से बात करते हुए स्टैंडप कॉमेडियन कुणाल कामरा के बयान पर एकनाथ शिंदे ने कहा, ‘अभिव्यक्ति की आजादी है, हम व्यंग्य समझते हैं, लेकिन एक सीमा होनी चाहिए.’ दरअसल, 36 वर्षीय कॉमेडियन कुणाल कामरा ने अपने शो में एक लोकप्रिय हिंदी फिल्म के गाने के बोल बदलकर शिंदे के राजनीतिक करियर पर तंज कसा था. इसके बाद से महाराष्ट्र में एक बड़ा सियासी तूफान खड़ा हो गया है.
सोमवार को कुणाल कामरा ने कहा कि वह अपनी टिप्पणी के लिए माफी नहीं मांगेंगे. उन्होंने लिखा, ‘मैं माफी नहीं मांगूंगा. मैंने जो कहा, वह बिल्कुल वही है जो अजित पवार ने एकनाथ शिंदे के बारे में कहा. मुझे इस भीड़ से डर नहीं लगता और मैं अपने बिस्तर के नीचे छिपकर इस घटना के शांत होने का इंतजार नहीं करूंगा.
क्यों निशाने पर हैं कुणाल
कामरा के व्यंग्य के कई वीडियो वायरल होने के बाद शिवसेना के कार्यकर्ताओं ने शो के स्थान पर जमकर तोड़फोड़ की. बाद में उन्होंने कामरा के खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज कराई. महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नाम लिए बिना की गई विवादित टिप्पणी को लेकर स्टैंड-अप कॉमेडियन कुणाल कामरा की मुसीबतें बढ़ती जा रही हैं.
पुलिस ने भेजा है समन
दरअसल, मामले को लेकर मुंबई की खार पुलिस ने कॉमेडियन को समन भेजा है. पुलिस ने कामरा को मामले की जांच के लिए उपस्थित होने के लिए समन भेजा है. कुणाल कामरा महाराष्ट्र से बाहर हैं. इसलिए यह समन उन्हें व्हाट्सएप पर भी भेजा गया है. कुणाल कामरा को आज सुबह 11 बजे जांच अधिकारी के सामने पेश होने के लिए कहा गया है. साथ ही खार पुलिस की एक टीम सोमवार को कुणाल कामरा के घर गई और उनके माता-पिता को भी समन की एक प्रति दी.
कुणाल ने तोड़फोड़ की निंदा की
कुणाल कामरा ने सोमवार को इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर कर अपनी प्रतिक्रिया दी थी. उन्होंने हैबिटेट क्लब में हुई तोड़फोड़ की निंदा भी की और माफी नहीं मांगने की बात कही है. कॉमेडियन ने कहा, ‘मनोरंजन स्थल केवल एक मंच है. सभी प्रकार के शो के लिए एक जगह है. हैबिटेट मेरी कॉमेडी के लिए जिम्मेदार नहीं है, न ही उसके पास इस बात पर कोई नियंत्रण है कि मैं क्या कहता या करता हूं. न ही कोई राजनीतिक दल ऐसा करता है. कामरा ने आगे कहा, “किसी कॉमेडियन के शब्दों के लिए किसी आयोजन स्थल पर हमला करना उतना ही मूर्खतापूर्ण है, जितना टमाटर ले जा रही एक ट्रक को इसलिए पलट देना, क्योंकि परोसा गया बटर चिकन आपको पसंद नहीं आया.
