नई दिल्ली:- बिहार के आरा में अब जब किसी घर में बेटी का जन्म होगा, तो डाकिया उनके दरवाजे पर जाकर परिजनों का मुंह मीठा करेंगे और गुलाब का फूल देंगे. यह अनोखी पहल पोस्ट ऑफिस द्वारा शुरू की जा रही है. दरअसल, सुकन्या योजना को जागरूक करने के लिए डाक विभाग ने यह कदम उठाया है. बेटियों के भविष्य के लिए डाकघर की सुकन्या समृद्धि योजना एक महत्वपूर्ण निवेश है. इसका फायदा बेटियों को 21 साल की उम्र के बाद मिलता है. योजना के प्रचार-प्रसार के लिए डाक विभाग ने यह अनूठी पहल की है. घर में ‘लक्ष्मी’ यानी बेटी का जन्म होने पर डाकबाबू आपके द्वार पर दस्तक देंगे.
आपके नजदीकी डाकिया आपकी बिटिया का दीदार करेंगे और मिठाई का डब्बा भी देंगे. यह अनूठी पहल डाक विभाग चला रहा है. अब किसी के घर में बेटी के जन्म की जानकारी होने पर उस क्षेत्र के डाकिया बधाई के फूल और मिठाई लेकर उनके घर जाएंगे और सुकन्या योजना के बारे में बताएंगे.
बेटी के जन्म पर मिठाई के साथ बधा
डाक अधीक्षक नीरज कुमार ने बताया कि जिस घर में बेटी का जन्म हो रहा है, वहां डाककर्मी जाकर बधाई देने के साथ सुकन्या समृद्धि योजना से जोड़ रहे हैं. कोशिश है कि एक भी बेटी इस योजना से वंचित न रहे. सदर एवं अन्य अस्पतालों में हर दिन होने वाली बेटियों के जन्म के बारे में जानकारी ली जा रही है. डाक कर्मी का काम है कि उनके अभिभावक के नाम-पता नोट कर उनके घर पर जाकर मिठाई के साथ सुकन्या समृद्धि योजना के बारे में जानकारी दें और छोटी-छोटी राशि को बचत कराने के बारे में बताएंगे, जिससे उनकी पुत्री के बालिग होने पर एक बड़ी राशि के रूप में उन्हें मिलेगा.
अब तक 78 हजार बेटियों के खोले गए खाते
शहरी और ग्रामीण इलाकों में डाककर्मियों को यह निर्देश है कि वे अपने क्षेत्रों के अधीन आने वाले गांव और शहर के वार्ड में नियमित संपर्क स्थापित करें और सुकन्या समृद्धि योजना के बारे में बताएं. इसी अभियान के तहत इस साल अब तक 78 हजार बेटियों के सुकन्या समृद्धि योजना के खाते खोले गए हैं. योजना के तहत बेटी की उम्र 10 साल से कम होनी चाहिए. खाता खोलने के लिए एक हजार की राशि चाहिए.
कब निकाल सकते हैं जमा राशि
बेटी की उम्र 21 साल होने पर खाता की अवधि पूरी हो जाती है. हालांकि, 18 साल होने पर 50 प्रतिशत आंशिक निकासी की सुविधा मिलती है. कोई अनहोनी होने पर खाते में पड़ी रकम अभिभावक को दे दी जाती है. सबसे बड़ी बात है कि इस योजना में ब्याज दर किसी भी बैंक की सावधि जमा योजना से ज्यादा है और वर्तमान में इसका ब्याज दर 8.2 प्रतिशत प्रति वर्ष है.
घर जाकर सुकन्या समृद्धि योजना की देंगे जानकारी
डाक कर्मचारी यूनियन संघ के सचिव कृष्ण मुरारी ने बताया कि डाक विभाग में शहरी और ग्रामीण इलाकों में डाकिया हर दिन स्वास्थ्य केंद्रों और अस्पतालों में जाकर मालूम करेंगे कि आज किसी की पुत्री हुई है, तो पहले उन्हें फूल और मिठाई खिलाकर बधाई देंगे. उसके बाद नाम-पता लेकर उनके घर जाकर सुकन्या समृद्धि योजना के बारे में बताएंगे.
