नई दिल्ली:– आज से मौसम ड्राई रहने की संभावना है। हालांकि पंजाब के कुछ जिलों में वीरवार मौसम को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया था कि कुछ-कुछ जिलों में 30-40 किमी गति से धूल भरी आंधी चल सकती है। वीरवार अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहा। सुबह तेज धूप निकली।
लुधियाना में दर्ज हुआ सबसे अधिक तापमान
जिला लुधियाना में दिन का तापमान सबसे अधिक 35 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जिला रूपनगर और होशियारपुर में दिन का तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस, पटियाला का तापमान 34.7 डिग्री सेल्सियस, बठिंडा का तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं फिरोजपुर का तापमान 34 डिग्री सेल्सियस, पठानकोट का तापमान 33.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
पिछले चौबीस घंटे के दौरान राज्य में औसतन तापमान 0.2 डिग्री सेल्सियस बढ़ा है जोकि सामान्य से 3.4 डिग्री सेल्सियस अधिक चल रहा है। मौसम केंद्र चंडीगढ़ के अनुमान अनुसार वीरवार तक ही मौसम को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया था। शुक्रवार से मौसम ड्राई बना रहेगा।
पिछले पांच दिनों से दिन चल रहे थे गर्म
पंजाब में पिछले पांच दिनों से दिन गर्म चल रहे थे। दिन का तापमान सामान्य से चार से छह डिग्री अधिक दर्ज किया जा रहा था। लेकिन बुधवार को दिन के साथ रात भी गर्म रही। दिन का तापमान जहां 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, वहीं रात का तापमान भी 20 डिग्री सेल्सियस के पार रहा।
पंजाब में मार्च में पड़ रही अप्रैल जैसी गर्मी
पंजाब में मार्च में अप्रैल जैसी गर्मी पड़ रही है। उधर मौसम विभाग का पूर्वानुमान था कि वीरवार को मौसम बदल सकता है। दिन में तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई थी। हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा या इससे भी अधिक होनो की संभावना जताई गई थी। कुछ जगहों पर बूंदाबांदी व हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना भी बताई गई थी।
