दुर्ग भिलाई:- दुर्ग भिलाई में शुक्रवार को बड़ी आग लग गई. यह आग छत्तीसगढ़ स्टेट इलेक्ट्रिकल बोर्ड के सब-स्टेशन में लगी. यह आग ट्रांसफर्मर में लगी और उसके बाद यह बिजली के सब स्टेशन में पूरी तरह फैल गई. आग इतनी तेज थी कि उसकी लपटें दूर दूर तक दिखाई दे रही थी. इस घटना के बाद आस पास के लोगों में भय का माहौल पैदा हो गया. बिजली विभाग के स्टाफ और लोगों ने दमकल कर्मियों को सूचना दी.
आग पर पाया गया काबू: सूचना पर दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग को बुझाने का काम शुरू हुआ. शाम पांच बजे के आस पास यह आग लगी और उसके 10 मिनट बाद फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची. 40 मिनट के अंदर आग पर काबू पा लिया गया. फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियों ने आग बुझाने का काम किया. इस घटना में पुराने मीटर और ट्रांसफर्मर जलकर राख हो गए. लाखों के नुकसान की बात सामने आ रही है.
भिलाई तीन क्षेत्र में सीएसईबी का यह सब स्टेशन है. यहां ट्रांसफर्मर और मीटर है. यहां आग लगी है. हम आग बुझाने का काम कर रहे हैं. आग कैसे लगी है इसकी हमें जानकारी नहीं है- प्रवीण, फायर फाइटर, भिलाई
गर्मी में बढ़ जाती है आग की घटनाएं: छत्तीसगढ़ में गर्मी के दिनों में आग की घटनाएं बढ़ जाती है. बीते रविवार को दुर्ग के एक राइस मिल में आग लगी थी. अब शुक्रवार को भिलाई में आग लग गई. पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई है. आगे की जांच की जा रही है.