नई दिल्ली:– सियासी गलियारों में ‘चाणक्य’ के नाम से मशहूर भारतीय जनता पार्टी के नेता और केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज यानी शनिवार को दो दिवसीय बिहार दौरे पर पहुंचेंगे। कहा जा रहा है कि यहां अमित शाह बीजेपी के नेताओं से मुलाकात कर सूबे का सियासी फीडबैक लेंगे और आरजेडी के ‘चाणक्य’ यानी लालू प्रसाद यादव के नेतृत्व वाले महागठबंधन को मात देने का मास्टर प्लान तैयार करेंगे।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शनिवार यानी आज से बिहार के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत एनडीए नेताओं से मुलाकात करेंगे और कुछ समारोहों को संबोधित करेंगे। अमित शाह अपने बिहार दौरे के दौरान राज्य को कई सौगात भी देने वाले हैं।
यहां जानिए अमित शाह का पूरा कार्यक्रम
शाह के दौरे को लेकर भाजपा की बिहार इकाई के अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने शुक्रवार को कहा, ‘अमित शाह के शाम 7.45 बजे पटना एयरपोर्ट पहुंचने की उम्मीद है। वह पार्टी विधायकों से बात करने के लिए सीधे भाजपा मुख्यालय जाएंगे। इसके बाद देर रात पार्टी कोर कमेटी की बैठक होगी। उन्होंने कहा, ‘रविवार को पटना में सहकारिता विभाग के एक समारोह को संबोधित करने के बाद शाह गोपालगंज जिले में एक रैली के लिए रवाना होंगे।’
एनडीए के दिग्गजों के साथ करेंगे बैठक
बिहार भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ‘गोपालगंज से लौटने के बाद शाह एनडीए की एक महत्वपूर्ण बैठक के लिए मुख्यमंत्री आवास जाएंगे, जिसके बाद वह वापसी की उड़ान भरेंगे।’ पूर्व भाजपा अध्यक्ष का यह दौरा बिहार विधानसभा चुनाव से कुछ महीने पहले हो रहा है और इस बैठक में उनकी पार्टी भाजपा, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जदयू के साथ-साथ केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) और जीतन राम मांझी की हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा भी शामिल होगी।
बिहार को देंगे बड़ी सौगात
गृह मंत्री सह सहकारिता मंत्री अमित शाह 29-30 मार्च को बिहार के दो दिवसीय दौरे के दौरान। अमित शाह 30 मार्च को पटना के बापू सभागार में सहकारिता विभाग की कई योजनाओं सहित सूबे को 826 करोड़ रुपये की सौगात देंगे।
बताया जा रहा है कि बापू सभागार में अमित शाह के कार्यक्रम में बिहार के 5350 पैक्स, मत्स्यजीवी सहयोग समितियां, बुनकर सहयोग समितियां, 1000 दुग्ध उत्पादक सहयोग समितियां, 300 प्रखंड स्तरीय सब्जी उत्पादक सहयोग समितियां और 300 हस्तकरघा बुनकर समितियों के प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। इस दौरान वह मखाना प्रसंस्करण केंद्र की भी सौगात देंगे।
