कोरबा :- पाली थाना क्षेत्र में एसीईसीएल के सरायपाली बुड़बुड़ कोयला खदान में वर्चस्व की लड़ाई में एक ट्रांसपोर्टर की हत्या कर दी गई है. इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है. शुक्रवार की रात हुए गैंगवार में हत्या हुई है. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल को मौके पर तैनात किया गया है. देर रात एसपी सिद्धार्थ तिवारी खुद मौके पर पहुंचे थे. मृतक के भाई पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं. अब तक की जानकारी के मुताबिक पाली थाना के टीआई को तत्काल लाइन अटैच कर दिया गया है.
छह महीना पुराना विवाद हत्या में तब्दील: जानकारी के अनुसार, खदान पर दबदबे को लेकर दो गुटों के बीच विवाद चल रहा था. शुक्रवार की रात यह हिंसक झड़प में बदल गया. इस दौरान हमलावरों ने ट्रांसपोर्टर रोहित जायसवाल पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल रोहित को अस्पताल ले जाया गया. जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. हत्या के बाद पाली शहर में आक्रोश फैल गया है. मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि पुलिस को पहले से इस विवाद की जानकारी थी, लेकिन समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की गई. रोहित के भाई ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए दोषियों को फांसी की सजा देने की मांग की है.
पुलिसकर्मियों पर परिजन के गंभीर आरोप : इस सनसनीखेज मामले में मृतक कोल ट्रांसपोर्टर रोहित जायसवाल के भाई अनिल जायसवाल ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उसने लिखित में शिकायत भी की है. अनिल ने कहा है कि पिछले 6 महीने से यह विवाद चल रहा था. कोयला ट्रांसपोर्ट से जुड़ा मामला था. रोहित सिंह और उसके लोग चाहते थे कि वह अकेले ही खदान में काम करें, जिसके कारण हम लोगों के साथ उसका विवाद था. पुलिस से कई बार शिकायत की. लेकिन कोई कार्यवाही नहीं हुई.
बीती रात रोहित सिंह और उसके गैंग के लोग सरायपाली खदान के पास रोहित को घेर लिए. सभी चाकू, कट्टा जैसे हथियार लेकर पहुंचे हुए थे. इस दौरान पाली थाना के टीआई और अन्य पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद थे. खदान के सब एरिया मैनेजर भी संंलिप्त हैं. पुलिस के सामने ही मेरे भाई को मारकर फेंक दिया गया, मैं चाहता हूं कि इसमें टीआई और सब एरिया मैनेजर पर भी हत्या का केस दर्ज हो और सभी आरोपियों को फांसी की सजा दी जाए-अनिल जायसवाल, मृतक का भाई
पुलिस ने आरोपियों की तलाश की शुरु : पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है. सूचना यह भी है कि मुख्य आरोपी रोहित सिंह बीजेपी के पाली क्षेत्र का पदाधिकारी है. जिसे कुछ देर पहले ही पकड़ा गया है.
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. आरोपियों की तलाश जारी है. जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा. मामले में जो भी आरोप लगाए गए हैं. उन सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है, जो भी तथ्य सामने आएंगे. उसके आधार पर कार्यवाही होगी- सिद्धार्थ तिवारी,एसपी
बड़ी संख्या में पुलिस बल को किया गया तैनात : इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस ने चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बल तैनात कर दिया है. इस घटना के विरोध में स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने पाली शहर को बंद रखने का ऐलान किया है.