
अरुणाचल प्रदेश। पूर्वी कामेंग जिले में कामेंग नदी का पानी अचानक काला हो जाने के बाद उसमें हजारों मछलियां मृत पाई गईं है। जिला मत्स्य पालन अधिकारी ने कहा कि कुल घुलित पदार्थों (टीडीएस) की अधिक मात्रा की वजह से नदी का पानी काला हो गया है।
जिला मत्स्य विकास अधिकारी (डीएफडीओ) हाली ताजो ने कहा कि जिला मुख्यालय सेप्पा में शुक्रवार को नदी में हजारों मछलियां मृत पाई गईं थीं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि प्रारंभिक निष्कर्षों के अनुसार, मौतों का कारण टीडीएस की बड़ी मौजूदगी है, जो पानी में जलीय प्रजातियों के लिए कम दृश्यता और सांस लेने में समस्या पैदा करता है।
ताजो ने कहा, “नदी के पानी में हाई टीडीएस होता है, इसलिए मछलियां ऑक्सीजन लेने में असमर्थ थीं।” ताजो ने लोगों से मछली का सेवन न करने की अपील की क्योंकि इससे स्वास्थ्य संबंधी गंभीर समस्याएं हो सकती हैं।
जिला प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी, नदी के काले रंग के लिए चीन पर आरोप
पूर्वी कामेंग जिला प्रशासन ने एक एडवाइजरी जारी कर लोगों से मछली पकड़ने के लिए कामेंग नदी के पास नहीं जाने और अगले आदेश तक मरी हुई मछलियों को खाने और उसे बेचने से मना किया है। सेप्पा के निवासियों ने नदी में टीडीएस में वृद्धि के लिए चीन को दोषी ठहराया और आरोप लगाया कि पड़ोसी देश द्वारा निर्माण गतिविधियों के कारण पानी का रंग काला हो गया है।